नरेंद्र मोदी फिर से बनें पीएम, लहर बनाने को कार्यकर्ता किए जाएंगे प्रशिक्षित
मिशन मोदी अगेन पीएम प्रशिक्षण शिविर 17 को। राज्यसभा सांसद अमर सिंह देंगे व्याख्यान।
आगरा, [जासं]: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा चुनाव की भी सरगर्मियां शुरू हो जाएंगी। 2014 जैसी ही लहर बनाने को भारतीय जनता पार्टी में कवायद चल रही है। उसके साथ ही अन्य संगठन भी जुटे हैं कि नरेंद्र मोदी को फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाना है। कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी जा रही है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर भी माहौल बनाएं।
मिशन मोदी अगेन पीएम संगठन के कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू होने जा रहा है। बिचपुरी स्थित आरबीएस कॉलेज में 17 और 18 नवंबर को होना निश्चित हुआ है। इसमें जिलों से ब्लॉक स्तर तक के सक्रिय कार्यकर्ता सम्मलित होंगे। मिशन मोदी अगेन पीएम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष रामगोपाल काका ने गुरुवार को आवास विकास सेक्टर आठ में मीटिंग की। शिविर के पहले दिन राज्यसभा सांसद ठाकुर अमर सिंह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान मिशन के राष्ट्रीय मंत्री मान सिंह, विनय सिंह, प्रांत अध्यक्ष मुकेश, जिलाध्यक्ष पंकज कुमार, महानगर अध्यक्ष केदार सिंह परमार आदि लोग मौजूद रहे।