Buffer Zone में बदल सकते हैं और भी बाजार, सराफा बाजार जैसी कार्रवाई के मूड में प्रशासन
जिला प्रशासन ने सभी बाजार कमेटियों को दी चेतावनी सप्ताह भर के लिए बंद होंगे बाजार।
आगरा, जागरण संवाददाता। सर्राफा बाजार के बाद जिला प्रशासन कई और बाजारों पर निगाह लगाए हुए है। यह ऐसे बाजार हैं। जहां छह फीट की शारीरिक दूरी का पालन ठीक से नहीं किया जा रहा है। यहां तक लोग बिना मास्क लगाए आ रहे हैं फिर दुकानदारों द्वारा उन्हें सामान दिया जा रहा है। मंटोला, कोतवाली थाना क्षेत्र सहित अन्य को चेतावनी दी है। सुधार न होने पर संबंधित बाजारों को सप्ताह भर के लिए बंद कराया जाएगा।
बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बंदी घोषित करने के बाद प्रशासन ने बाजार खुलने और बंद करने की स्थिति में बदलाव किया है। व्यापारियों के साथ बदलाव को लेकर बैठक की। इसमें बाजार पांच दिन खोलने और सुबह 10 से शाम सात बजे तक बाजार खोलने की बात कही गई। डीएम आवास पर हुई बैठक ने डीएम प्रभु एन सिंह ने कहाकि अब सभी बाजार, गल्ला मंडी, कार्यालय और सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान सोमवार से लेकर शुक्रवार तक खुलेंगे। हर शनिवार और रविवार को चिकित्सीय आवश्यकताओं को छोड़कर पूरी तरह बंदी रहेगी। दवा और दूध की सेवा बाधित नहीं होगी। जिले के सभी बाजार अब सुबह 10 बजे से शाम सात बजे तक खुलेंगे। इसके साथ जिले में निरंतर चलने वाली औद्योगिक इकाइयों पर साप्ताहिक प्रतिबंध लागू नहीं होगा। बीज, खाद और कीटनाशक की दुकानेंं पहले की तरह खोली जाएंगी। मालवाहक वाहनों के आवागमन परर प्रतिबंध नहीं रहेगा। राष्ट्रीय राजमार्गाें पर परिवहन जारी रहेगाा। इनके किनारे स्थित पेट्रोल पंप और ढाबे हर दिन खुले रहेंगे। इसके अलावा ट्रेन या अन्य साधन से यात्रा करने वाले यात्रियों की टिकट उनके लिए पास का काम करेगी। इसे दिखाकर वो अपने घर तक जा सकेंगे।
तहसील सदर में उल्लंघन
तहसील सदर स्थित निबंधन विभाग के सभी कार्यालयों में छह फीट की शारीरिक दूरी का उल्लंघन किया जा रहा है। सोमवार को सोशल मीडिया पर इसके फोटो वायरल हो गए।
एक ही मिला पॉजिटिव
पांच से लेकर 11 जुलाई तक डोर-टू-डोर सर्वे चलाया गया। कुल 329 सैंपल लिए गए जिसमें एक पॉजिटिव मरीज मिला।
दो दिन सफाई और सेनिटाइजेशन पर रहेगा फोकस
शनिवार और रविवार को संपूर्ण बंदी रहेगी। नगर निगम, नगर पंचायतें और नगर पालिका परिषदें सफाई और सेनिटाइजेशन पर फोकस करेंगी। विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। वहीं बाजारों को अच्छी तरीके से सेनिटाइज किया जाएगा।
87 पहुंची कंटेनमेंट जोन की संख्या
जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। सोमवार को कंटेनमेंट जोन की संख्या में कमी आई। यह 87 पर पहुंच गई। इससे पूर्व 88 जोन थे। जोन का दायरा 250 मीटर है।
- शासन के दिशा-निर्देशों का बाजार कमेटियों को अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रभु एन सिंह, डीएम