Festive Season: गर्माया सोने का बाजार, त्योहारी सीजन में ग्राहक कर रहे जमकर खरीदारी
त्योहार और सहालग को देखते हुए जमकर हो रही खरीदारी। त्योहार पर इसके दाम बढ़ने की संभावना है। इसको देखते हुए अभी सोने का बाजार गर्माया हुआ है। सोने के भाव अलग-अलग कैरेट के हिसाब से 48116 रुपये से लेकर 49141 रुपये प्रति दस ग्राम हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। सोने के दाम इस समय भाव नहीं खा रहे। इसलिए अधिकांश लोग सहालग और त्योहार को लेकर अभी से ज्वैलरी की खरीदारी कर रहे हैं। त्योहार पर इसके दाम बढ़ने की संभावना है। इसको देखते हुए अभी सोने का बाजार गर्माया हुआ है। सोने के भाव अलग-अलग कैरेट के हिसाब से 48116 रुपये से लेकर 49,141 रुपये प्रति दस ग्राम हैं। जबकि कुछ महीने पहले इसके दाम 50 हजार रुपये प्रति दस ग्राम के पार थे।
अगले महीने दीपावली है। ऐसे में एक बार फिर से सोने के दाम बढ़ने की संभावना है। इसको देखते हुए लोग अभी से जमकर खरीदारी कर रहे हैं। वहीं, त्योहार पर शोरूमों पर भीड़ भी अधिक हो जाती है, तब ज्वैलरी पसंद करने के लिए उन्हें अधिक समय नहीं मिल पाता। शोरूम के कर्मचारी भी ज्यादा ध्यान नहीं दे पाते। अभी दाम भी कम हैं और कर्मचारियों के पास उन्हें ज्वैलरी पसंद कराने के लिए पर्याप्त समय भी है। इसको देखते हुए सोने की ज्वैलरी की जमकर बिक्री हो रही है।
धनतेरस पर होगी सर्वाधिक खरीदारी
सोने-चांदी के गहनों की सर्वाधिक खरीदारी धनतेरस पर होती है। चांदी के सिक्के, नोट की सर्वाधिक डिमांड रहती है। पूजन के लिए लोग सिक्के खरीदते हैं। लक्ष्मी-गणेश के सिक्कों की मांग रहती है। लोग उपहार में भी चांदी के सिक्के देना पसंद करते हैं। इसके साथ ही चांदी के लक्ष्मी-गणेश और अन्य आइटमों की भी बिक्री होती है।
क्या कहते हैं सराफा कारोबारी
अभी सोने के भाव गिरे हुए हैं। ऐसे में बहुत से लोग सहालग और त्योहार को लेकर जमकर खरीदारी कर रहे हैं। नवरात्र व विजयदशमी पर लगभग सौ करोड़ का कारोबार हो चुका है।
-नितेश अग्रवाल, अध्यक्ष, आगरा सराफा एसोसिएशन
त्योहार पर शोरूमों पर अधिक भीड़ हो जाती है। अभी सोने के भाव भी लोगों की पहुंच में हैं, ऐसे में सोने का बाजार गर्माया हुआ है। खूब खरीदारी हो रही है।
-अनुराग बंसल, सराफा व्यवसायी