ताज के दीदार के बाद सिकंदरा स्मारक पहुंचे करण जौहर, तलाश रहे फिल्म की लोकेशन Agra News
विगत तीन दिनों से आगरा में फिल्म की लोकेशन तलाश रहे हैं निर्माता निर्देशक। शुक्रवार को गए थे गोवर्धन।
आगरा, जागरण संवाददाता। बॉलीवुड के दिग्गज निर्माता- निर्देशक करण जौहर इन दिनों ब्रज की धरती पर अपनी आगामी फिल्म की लोकेशन तलाशने में जुटे हुए हैं। ब्रज प्रवास के तीसरे दिन शनिवार को करण जौहर ताज महल के दीदार के लिए पहुंच गए। यहां करीब एक से डेढ़ घंटे तक रुक कर ताज का भ्रमण किया। ताज पर हर ऐंगल से उन्होंने अपने साथ आए प्रॉडक्शन हाउस के साथियों से तस्वीरें भी खूब खिंचवाईं।
इसके बाद वे सिकंदरा स्मारक के लिए रवाना हो गए। यहां स्मारक का भ्रमण करने के साथ उन्होंने फिल्म शूटिंग के लिए लोकेशन का अवलोकन भी किया।
शनिवार को ठंड से अलसाई सुबह में पर्यटक उस वक्त चौंक गए जब उन्होंने अपने बीच बॉलीवुड के फेवरेट निर्माता निर्देशक को पाया। कुछ कुछ होता है, कभी खुशी कभी गम, स्टूडेंट ऑफ द ईयर जैसी शानदार फिल्में अपने धर्मा प्रॉडक्शन हाउस के बैनर तले बनाने वाले करण्ा जौहर गुरुवार से आगरा में हैं। अपने प्रवास के पहले दिन वे फतेहपुर सीकरी गए। यहां शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर सजदा करने के बाद उन्होंने अन्य स्मारकों का अवलोकन किया। इसके बाद शुक्रवार को कान्हा की नगरी का भ्रमण करने वे पहुंचे। गोवर्धन में कुसुम सरोवर, बांके बिहारी, इस्कॉन मंदिर आदि में दर्शन किये। शनिवार सुबह वे ताज के दीदार के लिए पहुंचे। करण जौहार का ब्रज का यह दौरा यूं ही एक वेकेशन नहीं बल्कि फिल्म की लोकेशन के कारण है। इन दिनों करण आगरा और उसके आसपास फ़िल्म की शूटिंग को लोकेशन तलाश रहे हैं। इस फिल्म का क्या नाम होगा और इसमें सितारेे कौन होंगे इस बाबत अभी करण कुछ साफ साफ नहीं बता रहे। वैसे करण अपनी फिल्मों में दिग्गज चेहरों को अधिक तवज्जो देते हैं। उधर करण जौहर अपनी अगली फिल्म 'तख्त' के प्री-प्रॉडक्शन में भी व्यस्त हैं। इसके साथ्ा ही पिछले दिनों करण ने एक और थ्रिलर प्रॉजेक्ट का ऐलान किया था। यह फिल्म भारतीय खुफिया एजेंसी रिसर्च ऐंड अनैलिसिस विंग (रॉ) के पहले प्रमुख 'रामेश्वर नाथ काव' की लाइफ पर बेस्ड होगी। फिल्म नितिन गोखले की किताब का रूपांतरण होगी। करण जौहर ने सोशल मीडिया पर इस फिल्म की जानकारी शेयर की थी।
ताजनगरी है मायानगरी की फेवरेट
ताजनगरी से मायानगरी का लगवा कोई नया नहीं है। ताज की इस धरती पर कई दशकों से फिल्मों की शूटिंग होती आई है। शुरुआत हुई थी पीरियड फिल्म प्रदीप कुमार स्टारर ताजमहल फिल्म से। इसके बाद फतेहपुर सीकरी की लोकेशन पर राजकुमार स्टारर नील कमल बनी। बॉलीवुड के ट्रेजडी किंग दिलीप कुमार की लाइफ की टार्निंग पाइंट और संजय दत्त की शुरुआती फिल्म विधाता की करीब 80 फीसद शूटिंग तो आगरा में ही हुई थी। इसकेे कबरी डेढ़ दो दशक बाद बॉलीवुड आगरा की ओर फिर सक्रिय हुआ। बंटी बबली, परदेस, तेवर, भूमि, जैसी तमाम फिल्मों और टीवी सीरियल्स के साथ आगरा की खूबसूरती छोटे और बड़े पर्दे की शान बनी है।