MLC Election: मतदाताओं को रिझाने के लिए आगरा में भाजपा ने चुना ये माध्यम
एक दिसंबर को है आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव मतदान। भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता घर-घर बना रहे पहुंच। इसमें आगरा अलीगढ़ मंडल सहित 12 जिलों के मतदाता मतदान करेंगे। क्षेत्रवार मतदान की व्यवस्था की जा रही है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव में वोटराें को रिझाने और उनतक पहुंच बनाने के लिए भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, मतदाताओं को रिझाने में जुटे हैं। उनके घर तक पर्ची पहुंचाई जा रही है, तो उन्हें अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
एक दिसंबर को खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान होना है। इसमें आगरा, अलीगढ़ मंडल सहित 12 जिलों के मतदाता मतदान करेंगे। क्षेत्रवार मतदान की व्यवस्था की जा रही है, तो मतदाताओं को लुभाने के लिए भाजपाइयों ने पूरी ताकत झोंक रखी है। इसके लिए पार्टी के दिग्गजों के साथ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंप रखी है। विधानसभा स्तर पर सम्मेलन हो रहे हैं, लेकिन पोलिंग स्टेशन की मजबूती पर सबसे ज्यादा जोर दिया जा रहा है। मतदान वाले दिन मतदाताओं को घरों से निकालने और पोलिंग स्टेशन तक पहुंचाने के लिए टोलियां बना दी गई है। इससे पहले घर-घर मतदाता पर्ची पहुंचाई जा रही है। मतदाताओं को केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार द्वारा हर वर्ग के लिए किए जा रहे कार्य बताए जा रहे हैं, तो शिक्षाक्षेत्र के लिए किए गए प्रयास गिनाए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधि, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता, प्रबुद्धजनों से लेकर शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों से संपर्क में जुटे हैं। शिक्षक संगठनों में भी सेंध लगाई जा रही है।
इन जिलों में है मतदाता
आगरा, मथुरा, मैनपुरी, फीरोजाबाद, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, कानपुर, इटावा, औरेया