कानून व्यवस्था के सवाल को कुछ इस अंदाज में टाल गए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Agra News
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह वृंदावन मथुरा मार्ग स्थित श्रीपाद बाबा गोशाला पहुंचेेे।
आगरा, जेएनएन। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के सवाल पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव राधे-राधे करते नजर आए। जबकि पिछले दिनों प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री स्वाति सिंह द्वारा सीओ को डांटे जाने के सवाल पर हिदायत देते हुए कहा कि हम सभी को अपनी बातों में मिठास रखने की जरूरत है। तो अफसरों को भी सरकार की योजनाओं को गरीब जनता तक पहुंचाए जाने में तत्पर रहने की सलाह दे डाली।
वृंदावन मथुरा मार्ग स्थित श्रीपाद बाबा गोशाला में सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव ने प्रदेश की राज्यमंत्री स्वाति सिंह द्वारा सीओ को डांटे जाने के सवाल पर कहा सरकार और संगठन का दायित्व है कि सत्ता के समय गरीबों की सेवा करना और गरीबों की योजनाएं उन तक पहुंचे और उन्हें योजनाओं का लाभ मिले। किसी गरीब को तकलीफ न हो और कष्ट न हो। यही सभी का लक्ष्य है। अगर थोड़ी बहुत कोई बात होती है तो हम सब को सिर पर वर्क और मुंह में शक्कर रख ठंडे दिमाग से सोच विचार कर ही मीठा बोलना चाहिए। उन्होंने कहा संगठन की चुनाव प्रक्रिया निरंतर जारी है। इसके अलावा एमएलसी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक स्नातक मतदाताओं के फार्म जमा करवाने की स्वतंत्रदेव ने अपील की।
इससे पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने गोशाला में गोपूजन कर भगवान भोलेनाथ का भी पूजन किया और ठा. बांकेबिहारी मंदिर पहुंचकर दर्शन व पूजा अर्चना की। पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम समेत अनेक लोग मौजूद रहे।