Bharat Bandh in Agra: आगरा मंडल में भारत बंद बेअसर, खुल गए छोटे से लेकर बड़े बाजार
आगरा मंडल के किसी भी जिले में नहीं दिखा भारत बंद का असर सुबह से खुले सभी बाजार। आगरा के सभी प्रमुख बाजारों में रोजाना की तरह चहल-पहल। बाहर से आने वाले व्यापारी जरूर कुछ कम संख्या में पहुंचे। कहीं भी नहीं निकला जुलूस।
आगरा, जागरण संवाददाता। जीएसटी के प्रावधानों को लेकर व्यापारिक संगठन द कंफेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स ने 26 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। मगर, आगरा मंडल में भारत बंद का असर नहीं दिखाई दे रहा है। सुबह से शहर और देहात के सभी बाजार खुलना शुरू हो गए। ताजनगरी में बंद को लेकर प्रशासन भी सुबह से अलर्ट है। किसी को भी जबरन बाजार बंद नहीं कराने दिया जाएगा।
कंफेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स ने वस्तु एवं सेवा कर के प्रावधानों की समीक्षा को लेकर भारत बंद का आह्वान किया था। मगर, इस बंद का ताजनगरी में कोई असर नहीं है। प्रमुख व्यापारिक संगठनों ने पहले ही बंद से दूर रहने की बात स्पष्ट कर दी थी। ऐसे में बंद का प्रभाव की संभावना कम थी। इसके बाद भी प्रशासन ने पूरी तैयारी की है। सुबह से प्रमुख बाजार में पुलिस सक्रिय है। सुबह 10 बजे से बेलनगंज, रावतपाड़ा, दरेसी, मोतीगंज, किनारी बाजार, संजय प्लेस, सदर बाजार, शाहगंज में दुकानें खुलना शुरू हो गई थीं। कहीं पर भी बंद को लेकर कोई सुगबुगाहट नहीं दिखाई दी। व्यापारियों में भी बंद को लेकर कोई रुचि नहीं है। लाेग भी सामान्य तरह से बाजार में पहुंच रहे हैं। अागरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल का कहना है कि शुक्रवार को सभी बाजार सुबह से खुलना शुरू हो गए हैं। व्यापार मंडल पहले ही इस बंद से अपना कोई मतलब न होने की बात कह चुका है। सभी व्यापारियों से बाजार खोलने की अपील भी की गई थी। मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के अध्यक्ष रमनलाल गोयल ने भी बाजार बंद का समर्थन नहीं किया था। बाजार बंद पर डीएम प्रभु एन सिंह का कहना है कि अधिकांश स्थानीय व्यापारियों ने बंद का समर्थन नहीं किया है। फिर भी सतर्कता बरती जा रही है। दोपहर 12 बजे तक कहीं से बाजार बंद कराने की कोई सूचना नहीं है।