Best Wishes बन जाएंगी और खास जब होगा संजोने का यह होगा अंदाज Agra News
जन्मदिन से लेकर बच्चे के पैदा होने तक दिए जा रहे चांदी के सिक्के। हर मौके के संदेश अंकित हैं इन सिक्कों पर।
आगरा, जागरण संवाददाता। बच्चे अपने जन्मदिन के लिए हमेशा उत्साहित रहते हैं। केक काटना, पार्टी करना और सबसे जरूरी होता है गिफ्ट मिलना। बच्चों को सबसे ज्यादा खिलौने पसंद आते हैं। लेकिन बड़ों को लगता है कि ऐसी चीज दी जाए तो याद के रूप में हमेशा साथ रहे। इसी सोच को बाजार ने पकड़ा और अब चांदी के सिक्कों में जन्मदिन की शुभकामनाएं अंकित होकर आ रही हैं।
आमतौर पर बच्चों को जन्मदिन पर खिलौने, कपड़े या गेम्स दिए जाते हैं। लेकिन कुछ लोगों की सोच होती है कि लिफाफे में रुपये या चांदी की चीज दी जाए तो काम आए। लक्ष्मी-गणोश के चांदी के सिक्के अब पुराना ट्रेंड हो चुका है। अब नए रूप में चांदी के सिक्के आ रहे हैं। इन सिक्कों पर जन्मदिन की शुभकामनाएं अंकित हैं। जन्मदिन की शुभकामनाएं हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में संदेश छपे हैं।
बच्चे के जन्म पर भी दे सकते हैं सिक्के
इसके अलावा अब घर में नए सदस्य यानि बच्चे के पैदा होने पर दिए जाने वाले तोहफे के रूप में भी खास चांदी के सिक्के आने लगे हैं। इन सिक्कों पर लिखा होता है वेल्कम न्यू बेबी।
शादी की सालगिरह पर भी दे रहे चांदी के सिक्के
चांदी के सिक्कों के बदले रूप ने तोहफों की चिंता ही खत्म कर दी है। अब लोग शादी की सालगिरह पर भी चांदी के सिक्कों से पूरा पैक बनाकर गिफ्ट कर रहे हैं। जितने साल शादी के होते हैं, उतने ही साल का अंक इन सिक्कों से बनाकर फ्रेम कराकर दिया जाने लगा है।
600 रुपये से है शुरुआत
चांदी के सिक्के दस और बीस ग्राम में आ रहे हैं। संजय प्लेस स्थित ब्लिंग डिजायन स्टूडियो के पुलकित गुप्ता बताते हैं कि दस ग्राम वाले सिक्के की कीमत 600 और बीस ग्राम वाले सिक्के की कीमत 1100 रुपये है। यह सिक्के 999 यानि शुद्ध चांदी के इंर्पोटेड फिनिश के हैं। इनकी पैकिंग कॉस्ट 100 रुपये होती है।