Flights From Agra: कोरोना की तीसरी लहर से पहले ताजनगरी में हवाई सेवा ने खूब भरी उड़ान
मार्च में अहमदाबाद भोपाल मुंबई व बेंगलुरु के लिए हवाई सेवा शुरू की गई थी। एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की हाल ही में जारी रिपोर्ट के अनुसार मार्च 2021 में खेरिया हवाई अड्डे से 1002 यात्रियों ने सफर किया।
आगरा, राजीव शर्मा। कोरोना वायरस संक्रमण की तीसरी लहर का कहर शुरू होने से पहले ताजनगरी में हवाई सेवा ने खूब उड़ान भरी। 28 मार्च से चार प्रमुख शहरों के बीच शुरू हुई हवाई सेवा के चलते यात्रियों को खूब आवागमन रहा। पिछले मार्च की तुलना में इस साल मार्च में ढाई गुने से भी अधिक हवाई यात्री रहे। फ्लाइटों की संख्या भी सात गुने से अधिक रही। हालांकि कोरोना की तीसरी लहर के कहर के चलते हवाई सेवा पटरी से उतर गई। तीन शहरों के लिए हवाई सेवा स्थगित चल रही है।
मार्च में अहमदाबाद, भोपाल, मुंबई व बेंगलुरु के लिए हवाई सेवा शुरू की गई थी। एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की हाल ही में जारी रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2021 में खेरिया हवाई अड्डे से 1002 यात्रियों ने सफर किया। जबकि मार्च 2020 में सिर्फ 378 यात्रियों ने ही सफर तय किया था। हालांकि 21 मार्च 2020 को जनता कर्फ्यू के बाद संपूर्ण देश में लाकडाउन के चलते हवाई आवागमन पर भी रोक लगा दी गई थी। कोरोना की पहली लहर का असर कम होते ही आगरा से हवाई सेवाएं शुरू करने की कवायद शुरू हो गई थी। इंडिगो एयरलाइंस ने आगरा को सौगात देते हुए होली से पहले चार शहरों के लिए अपनी हवाई सेवाएं शुरू कर दी। इससे पर्यटन जगत में उत्साह की लहर थी। उन्हें उम्मीद थी कि प्रमुख शहरों के बीच हवाई सेवा शुरू होने से पर्यटन सीजन उबर सकता है। कोरोना की पहली लहर में पर्यटन बुरी तरह से झुलस गया था। ऐसे में पर्यटन जगत के लोगों को इन फ्लाइटों से काफी उम्मीद थी। शुरुआत में ऐसा हुआ भी। इसी का परिणाम है कि फरवरी 2021 में जहां सिर्फ 314 हवाई यात्रियों ने सफर तय किया था। मार्च 2021 में इनकी संख्या काफी बढ़ गई। फिलहाल भोपाल, मुंबई और अहमदाबाद फ्लाइट स्थगित चल रही है।