CM Yogi in Agra: सीएम योगी के आगमन से पूर्व साइकिल से पथौली पहुंचे DM, लाचारीराम से की बात
दो मई को लाचारीराम ने कराया था कोविड टेस्ट 12 दिन बीतने के बाद अब पाजिटिव होने की आई है रिपोर्ट। 24 घंटे में गांव का बदल गया हुलिया 500 से अधिक सफाई कर्मचारियों को लगाकर कराया गया काम।
आगरा, अमित दीक्षित। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पूर्व डीएम प्रभु एन सिंह ने साइकिल से पथौली गांव का निरीक्षण किया। डीएम कैंप कार्यालय से वह साइकिल से गांव पहुंचे। किसी को भनक न लगे, इसके लिए डीएम ने यह तरीका अपनाया। गांव के लाचारीराम से बात की। लाचारीराम की पत्नी कलावती प्रधान पद का चुनाव लड़ी थी। दो मई को हुई मतगणना में चौथे नंबर पर रही थी। मतगणना स्थल में प्रवेश को लेकर लाचारीराम ने कोविड की जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट अब पाजिटिव आई है। वहीं प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर गांव का हुलिया बदल दिया है। दस साल के बाद 500 से अधिक सफाई कर्मचारियों को लगाकर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। बीमार लोगों को दवाएं दी गईं। हर किसी की समस्या सुनी गई।
समय रहते कमियों को किया दूर
वैसे यह पहला मौका नहीं है जब डीएम गांव में साइकिल से पहुंचे हैं। पथौली गांव में सीएम के आगमन को लेकर तैयारियां कैसी चल रही हैं। इसकी लगातार वाट्सएप ग्रुप पर फोटो आ रही थीं लेकिन हकीकत जानने के लिए डीएम गुरुवार सुबह छह बजे गांव पहुंचे।
जो पढ़ाया पाठ, उसे रखना याद
गांव में प्रशासनिक अफसरों कीटीम ने डेरा डाल लिया है। लाचारीराम और उनकी पत्नी कलावती को टीम विभिन्न योजनाओं की जानकारी दे दी है। साथ ही सीएम से किस तरीके से बात करना है। यह भी सिखाया जा रहा है। गुरुवार सुबह तीन घंटे तक अफसरों ने लाचारीराम को पाठ पढ़ाया।