आगरा में केनरा बैंक का एटीएम तोड़कर कैश लूटने की कोशिश, पुलिस जुटा रही सुराग
थाना शाहगंज के मानस नगर रोड की घटना। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में आया एक आरोपित। गुरुवार दोपहर हुई जानकारी। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार 25 जनवरी की रात को एटीएम में की गई है तोड़फोड़। कैश का रिकार्ड देखा जा रहा है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में थाना शाहगंज इलाके में बदमाशों ने केनरा बैंक के एटीएम को तोड़कर लूटने का प्रयास किया। गुरुवार की दोपहर बैंक के स्टाफ को इसकी जानकारी होने पर उसने पुलिस को सूचना दी। जिस पर एसपी सिटी विकास कुमार और शाहगंज थाने का फ़ोर्स मौके पर पहुंच गया।
घटना शाहगंज के मानस नगर रोड पर स्थित केनरा बैंक के एटीएम की है। दोपहर में करीब 12 बजे एक व्यक्ति यहां कैश निकालने आया था। उसने एटीएम का कीबोर्ड और डिस्प्ले टूटी देखी। दोनों को उखाड़कर फेंक दिया गया था। एटीएम का हुड भी तोड़कर अलग कर दिया था।
बैंक के स्टाफ को सूचना मिलने पर उसने पुलिस को बताया। सीसीटीवी कैमरों को चेक करने पर घटना 25 जनवरी की रात को होने की जानकारी मिली। जिसमे एक व्यक्ति ईंट से एटीएम को तोड़ता दिखाई दे रहा है। बैंक अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि बदमाश कैश नहीं निकाल सके हैं। एटीएम में कितना कैश था। इसकी जानकारी की जा रही है।
शातिर ने आधा गिरा दिया शटर
एटीएम को लूटने की कोशिश करने वाले शातिर ने उसका आधा शटर गिरा दिया था। जिससे कि किसी को एटीएम तोड़ते दिखाई नहीं दे। आधा शटर बंद होने के कारण ही लोगों को घटना की जानकारी दो दिन बाद हो सकी।