ताजमहल के अलावा भी अब पर्यटकों को आगरा के इन स्मारकों में मिलेगी सुविधाएं, एएसआइ कर रहा तैयारी
स्मारकों में पर्यटकों के लिए सुविधाएं जुटाएगा एएसआइ। मरियम टाम्ब में टायलेट बनाने के साथ टिकट विंडो शिफ्ट होगी। एत्माद्दौला के फ्रंट को संवारने के साथ पार्किंग की व्यवस्था होगी। मेहताब बाग और शिकोहाबाद के रापड़ी स्थित स्मारक समूह में भी पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
आगरा, जागरण संवाददाता। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) स्मारकों में पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित करेगा। स्मारकों में टायलेट बनाने के साथ ही पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। टिकट विंडो सही की जाएंगी। मरियम टाम्ब के लिए प्रस्ताव बनाया जा रहा है। एत्माद्दौला के फ्रंट को संवारने के साथ पर्यटक वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
एएसआइ के आगरा सर्किल में आगरा, अलीगढ़, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, हाथरस, मैनपुरी, मथुरा और कासगंज स्थित 152 स्मारक आते हैं। इनमें से आठ स्मारकों में ही पर्यटकों के लिए टायलेट व पार्किंग की सुविधा है। अन्य स्मारकों पर इसका अभाव है। एएसआइ ने इसे देखते हुए सिकंदरा के नजदीक स्थित मरियम टाम्ब में पर्यटकों के लिए टायलेट ब्लाक बनाने, पार्किंग की सुविधा विकसित करने, टिकट विंडो को शिफ्ट करने की योजना बनाई है। टायलेट ब्लाक बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। मेहताब बाग और शिकोहाबाद के रापड़ी स्थित स्मारक समूह में भी पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
अधीक्षण पुरातत्वविद् डा. राजकुमार पटेल ने बताया कि मरियम टाम्ब समेत आधा दर्जन से अधिक स्मारकों में पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की जानी हैं। पर्यटकों को स्मारकों में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए इंतजाम किए जाएंगे।
रामबाग पर किया सुधार
रामबाग के प्रवेश द्वार तक सड़क से होकर जाने वाला मार्ग काफी खराब था। एएसआइ ने स्मारक के फ्रंट को संवारा है। यहां पार्किंग की उचित व्यवस्था की गई है।