सरकारी बर्बादी: स्वच्छता का नाम, 45 लाख के हाथ ठेलों का काम तमाम Agra News
सात माह पूर्व नगर निगम प्रशासन ने खरीदे थे एक हजार हाथ ठेल। पचकुइयां स्थित निगम कार्यालय में हो रहे हैं कंडम।
आगरा, अमित दीक्षित। स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम प्रशासन बड़े-बड़े दावे कर रहा है। इसके लिए लाखों रुपये की मशीनें और उपकरण खरीदे जा रहे हैं। अफसोस, जिस तरीके से इनका प्रयोग होना चाहिए, वह नहीं किया जा रहा। लापरवाही के चलते सात माह पूर्व 45 लाख से खरीदे गए हाथ ठेल कंडम हो रहे हैं। हाथ ठेलों को स्वच्छता के नाम पर खरीदा गया था।
स्वच्छता सर्वेक्षण-2019 में नगर निगम आगरा देश में 85वें पायदान पर रहा। देश में टॉप टेन की सूची में शामिल होने के लिए हाथ ठेल और कूड़ा गाडिय़ों की खरीद की गई। एक हजार हाथ ठेल 45 लाख रुपये से खरीदे गए। फिर इन सभी को पचकुइयां रोड स्थित निगम कार्यालय में रखवा दिया गया। हाथ ठेल से नाले-नालियों की सफाई से निकली सिल्ट और रोड पर झाड़ू के बाद लगे कूड़े के ढेर को रखना था। लापरवाही के चलते एक भी वार्ड में ठेल नहीं दी गई। इससे यह रखे-रखे कंडम हो रही हैं, जबकि स्वच्छता सर्वेक्षण में कूड़े और सिल्ट की उठान के नंबर मिलते हैं। यह अंक सौ के करीब होते हैं।
हर वार्ड में देनी थी दस-दस ठेल
नगर निगम में सौ वार्ड हैं। हर वार्ड में दस-दस ठेल देनी थीं। यह सभी ठेल सफाई कर्मचारियों को मिलनी थी।
फैक्ट फाइल
- शहर में 33 बड़े, 16 भूमिगत और तीन सौ छोटे नाले हैं।
- हर दिन किसी न किसी क्षेत्र में नाले और नालियों की सफाई होती है।
- हर दिन सौ मीट्रिक टन सिल्ट निकलती है।
- रोड की सफाई से हर दिन डेढ़ सौ मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है।
- एक हाथ ठेल में चार डिब्बे हैं।
- एक डिब्बे की क्षमता 15 लीटर है।
नाराज हैं पार्षद
हाथ ठेलों की खरीद अच्छा प्रयास था लेकिन जिस मंशा से इन्हें खरीदा गया। वह आजतक पूरी नहीं हुई है।
-रवि माथुर, पार्षद
एक माह के बाद स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 होगा। सर्वेक्षण से पूर्व हाथ ठेलों का प्रयोग होना चाहिए। वह नहीं किया जा रहा है।
-राजेश प्रजापति, पार्षद
सात माह पूर्व हाथ ठेल खरीदे गए थे। इनका आजतक प्रयोग नहीं किया गया। इसे मामले को सदन में उठाया जाएगा।
-राहुल चौधरी, पार्षद
हाथ ठेलों का प्रयोग किया जाना चाहिए। इससे रोड की सफाई में मदद मिलेगी लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है।
-राकेश जैन, पार्षद
मेयर कहते हैं
मेयर नवीन जैन नेे कहा एक हजार हाथ ठेल उपयोग में क्यों नहीं लाए जा रहे हैं। इसकी जांच कराई जाएगी। स्वच्छता सर्वेक्षण से पूर्व इनका अनिवार्य रूप से प्रयोग होना चाहिए।