Minor Marriage: आगरा में नायब काजी समेत चार पर आंच, नाबालिग का करा दिया ब्याह
नायब काजी और गवाहों पर नाबालिग का निकाह कराने का है आरोप। किशोरी के पिता ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में दिया प्रार्थना पत्र। पिता का आरोप है कि घटना में भागीदार बाकी आरोपितों द्वारा उन्हें धमकी दी जा रही है। अदालत ने की आख्या तलब।
आगरा, जागरण संवाददाता। नाबालिग का निकाह कराने के आरोप में नायब काजी रियासत अली व व दो गवाहों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है। अदालत ने शाहगंज थानाध्यक्ष से 20 जुलाई को आख्या तलब की है।
शाहगंज इलाके के रहने वाले किशोरी के पिता ने अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है। जिसके अनुसार वादी की नाबालिग पुत्री को 11 दिसंबर 2020 को शाहगंज के रहने वाले हैदर ने बहला फुसलाकर अगवा करने के बाद निकाह कर लिया। वादी का आरोप है कि उक्त निकाह मौलाना रियासत अली (नायब काजी) ने पढ़ाया था। जिसके गवाह मुंशी खान व चांद मोहम्मद के अलावा शरीफ खान थे। इन सभी को लड़की के नाबालिग होने की जानकारी थी। इसके बावजूद आरोपितों ने वादी की पुत्री का निकाह करा दिया।
आरोपित हैदर को पुलिस ने तीन जून 2021 को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। बेटी को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया था। पिता का आरोप है कि घटना में भागीदार बाकी आरोपितों द्वारा उन्हें धमकी दी जा रही है। वह कह रहे हैं कि जिस दिन आरोपित हैदर बाहर आएगा वह दोबारा उसकी लड़की का अपहरण करा देंगे। आरोपितों के खिलाफ पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही न करने पर वादी द्वारा अपने अधिवक्ता के माध्यम से अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है। अदालत ने 20 जुलाई को शाहगंज थानाध्यक्ष से आख्या तलब की है।