Suicide Case in Agra: खुदकुशी में आरोपित युवती की अग्रिम जमानत खारिज, बुकी श्याम वोहरा के साथ है नामजद
Suicide Case in Agra बुकी के साझीदार देवेंद्र पाल सिंह ने मई 2019 में की थी खुदकुशी। मृतक की पत्नी ने ताजगंज थाने में दर्ज कराया है बुकी और युवती के खिलाफ मुकदमा। नामजद बुकी श्याम वोहरा के खिलाफ पुलिस पिछले महीने कुर्की पूर्व की कार्रवाई कर चुकी है।
आगरा, जागरण संवाददाता। खुदकुशी के मामले में आरोपित युवती की अग्रिम जमानत याचिका को अदालत ने खारिज कर दिया। वह ताजगंज थाने में दर्ज मुकदमे में खुदकुशी के लिए उकसाने में बुकी श्याम वोहरा के साथ नामजद है। मुकदमे में नामजद बुकी श्याम वोहरा के खिलाफ पुलिस पिछले महीने कुर्की पूर्व की कार्रवाई कर चुकी है।
ताजगंज के शेख बुलाकी निवासी बीसी संचालक देवेंद्र पाल सिंह ने पिछले साल 29 मई को खुदकुशी कर ली थी। देवेंद्र की पत्नी विमलेश ने तीन महीने बाद 23 अगस्त को ताजगंज थाने में बुकी श्याम वोहरा और प्रियंका निवासी कोतवाली व अन्य के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने एवं खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था ।
विमलेश द्वारा दर्ज मुकदमे के अनुसार पति देवेंद्र पाल सिंह एक कंपनी में निदेशक थे। वह श्याम वोहरा के साथ साझीदारी में बीसी चलाते थे। विमलेश का आरोप है कि पति ने श्याम वोहरा से कंपनी के लेनदेन के बारे में हिसाब लेना शुरू किया। उनके श्याम वोहरा से संबंध बिगड़ते चले गए। इस बीच पति को श्याम वोहरा की करतूतों के बारे में पता चला तो उससे अलग होने का फैसला किया। पति ने वोहरा से बाजार का उधार चुकाने की कहा। इस पर वह पति और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने लगा।विमलेश के अनुसार इससे पति दहशत में आ गए थे। उन्होंने परिवार को बचाने के लिए खुदकुशी कर ली थी। आरोपित प्रियंका ने अग्रिम जमानत याचिका अदालत में प्रस्तुत की थी। जिसे अदालत ने खारिज कर दिया।
बुकी के खिलाफ कुर्की पूर्व की कार्रवाई कर चुकी है पुलिस
मुकदमे में नामजद बुकी श्याम वोहरा के खिलाफ पुलिस पिछले महीने कुर्की पूर्व की कार्रवाई कर चुकी है। विवेचक सुधीर सिंह राठी ने उसके घर पर नोटिस चस्पा किया था।