गठबंधन की सरकार बनी तो हर दिन होगा नया प्रधानमंत्री: अमित शाह
आगरा कॉलेज खेल मैदान से विजय संकल्प सभा के माध्यम से चुनावी शंखनाद रैली में बोले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष।
आगरा, जागरण संवाददाता। देश की सुरक्षा और विकास के आह्वान को लेकर भाजपा अध्यक्ष ने आगरा की जनता को संबोधित किया। आगरा कॉलेज में खेल मैदान विजय संकल्प सभा के माध्यम से चुनावी शंखनाद रैली में आए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गठबंधन पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा भाजपा ही सुनिश्चत कर सकती है। गठंबंधन के नेता नहीं।
उन्होंने कहा कि शरहदों पर जब गोली चलती है तो कांग्रेस के नेता मुंहतोड़ जवाब देने की जगह बोलते हैं कि हमें शांति से बात करनी चाहिए। जबकि देश गोली का जवाब गोले से देना चाहता है। गठबंधन पर शाह बोले कि विपक्षी गठबंधन में कोई भी नेता ऐसा नहीं जो देश की सुरक्षा की बात करे। अभी आतंकवाद को मुंह तोड़ जवाब देकर दुश्मन के दांत खट्टे किए हैं। ऐसा दस साल की कांग्रेस सरकार के दौरान कभी नहीं हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मौनी बाबा की तरह चुपचाप बैठे रहे। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात हमारे सैनिकों पर हमला हुआ तो पहले उरी में सर्जिकल स्ट्राइक देकर जवाब दिया। दुश्मन नहीं सुधरे और पुलवामा में सैनिकों पर हमला कर दिया। देश की सुरक्षा के लिए हम फिर चुप नहीं बैठे और एयर स्ट्राइक कर मुंहतोड़ जवाब दुश्मन को दिया।
अमित शाह ने कहा कि मोदी के कारण देश का सम्मान दुनिया में बना है। अभी तक अमेरिका और इजराइल ही ऐसे देश थे जो अपने सैनिक के खून का बदला खून से लेते थे लेकिन इसमें तीसरा नाम भारत का भी जुड गया है।
शाह बोले कि इस वक्त मेादी से टक्कर लेने के लिए गठबंधन, महागठबंधन इसका दौर चल रहा है। गठबंधन तो दिख रहा है लेकिन पीएम के लिए दावेदार या नेता कौन होगा ये अब तक नहीं पता। इसका कारण है कि गठबंधन के पास न कोई नेता है,न सिद्धांत है और न नीति है। शाह ने कहा कि मायावती कहती हैं कि मोदी हटने चाहिए लेकिन चुनाव नहीं लडूंगी। अखिलेश यादव, शरद पवार, ममता बैनर्जी, चंद्रा बाबू नायडू समेत सभी नेता मोदी का विरोध कर रहे हैं लेकिन चुनाव नहीं लड़ना चाहते। मोदी को सपने में हटाना चाहते हैं। इनका पीएम कौन बनेगा ये पता नहीं है। यह स्वार्थ का गठबंधन है। उन्होंने चुटकी लेने के अंदाज में कहा कि यदि गठबंधन की सरकार बनी तो उसका प्रधानमंत्री हर दिन अलग होगा। सोमवार को अखिलेश यादव, मंगलवार को मायावती व अन्य दिनों में अन्य और रविवार को देश छुट्टी पर होगा।
अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। यही हाल प्रदेश में सपा और बसपा के कार्यकाल में हुआ। पिछली सरकारों ने भ्रष्टाचार का इतिहास लिख दिया। उन्होंने कहा कि 70 साल तक कांग्रेस और चाटुकारों ने देश पर शासन किया है। इस दौरान देश सिर्फ जातियों में बंटा है। जबकि मोदी सरकार का ध्येय सबको साथ लेकर चलने का है। उन्होंने राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल में अब तक एक भी अवकाश नहीं लिया जबकि कुछ लोग दो दो माह के लिए लापता हो जाते हैं। मोदी सरकार की उपब्लिधयों का जिक्र करते हुए कहा कि पांच साल के कार्यकाल में मोदी ने छह करोड़ लोगों को गैस कनैक्शन, ढाई करोड़ को आवास, 2.35 कराेड़ को विद्युत कनैक्शन दिए। 13 करोड़ प्रति किसान को छह हजार रुपए का लाभ दिया है। नमामि गंगे योजना से गंगा को निर्मल किया तो अब बृज क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या पानी की दूर करने का प्रयास किया है। तीन हजार करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट के अंतर्गत आगरा में गंगा जल के लिए दिया। यमुना की सफाई भाजपा की नीति और मोदी का सपना है। अपने संबोधन के अंत में शाह ने आगरा संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी प्रो एसपी सिंह बघेल और फतेहपुर सीकरी संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी राजकुमार चाहर को जीतने की अपील कर किया।