Donald Trump Agra visit : अमेरिकी राष्ट्रपति के आने से पहले एडवांस टीम ने आगरा में डाला डेरा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 24 फरवरी को प्रस्तावित ताजमहल विजिट की तैयारी के लिए अमेरिकी टीम सोमवार शाम आगरा पहुंच गई।
आगरा, जागरण संवाददाता। दुनिया भर में अमेरिकी राष्ट्रपति का सुरक्षा घेरा सबसे मजबूत माना जाता है। यह बात आगरा में देखने को मिल भी रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 24 फरवरी को प्रस्तावित ताजमहल विजिट के लिए अमेरिकी टीम सोमवार शाम आगरा पहुंच गई। ताजमहल परिसर में वीआइपी विजिट को लेकर गहन जानकारी जुटाई। राष्ट्रपति की सुरक्षा से संबंधित कमान अमेरिकी एडवांस टीम अपने हाथ ही रखेगी।
छह सदस्यीय अमेरिकी टीम सोमवार शाम करीब चार बजे ताजमहल पहुंची। पूर्वी गेट से स्मारक में प्रवेश करने के बाद उन्होंने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) कमांडेंट ब्रजभूषण के साथ स्मारक में भ्रमण किया। टीम नेवीआइपी विजिट के रूट, वीआइपी प्रवेश द्वार, स्मारक में विजिट के दौरान मौजूद रहने वाले लोगों, मुख्य मकबरे तक पहुंचने, गेट के बंद या खुले रहने से संबंधित जानकारी जुटाई। अफसरों ने वीआइपी विजिट के दौरान पर्यटकों के स्मारक में नहीं होने और केवल एएसआइ स्टाफ व सीआइएसएफ जवानों के मौजूद रहने की जानकारी दी। टीम करीब एक घंटे तक स्मारक में रही।
दक्षिणी गेट बंद होने पर उठाया सवाल
ताजमहल का दक्षिणी गेट सुबह आठ बजे खुलता है और शाम पांच बजे बंद हो जाता है। अमेरिकी टीम ने दक्षिणी गेट को बंद देख सवाल उठाया? गेट के दूसरी तरफ क्या है? टीम को बताया गया कि गेट के दूसरी तरफ आबादी है। सुरक्षा कारणों से ये गेट अन्य की अपेक्षा देर से खुलता है और समय से पूर्व बंद हो जाता है। फरवरी, 2018 से दक्षिणी गेट से एएसआइ ने पर्यटकों का प्रवेश बंद कर दिया था। इस गेट से केवल निकासी है।
इससे पहले भी किया था दौरा
राष्ट्रपति ट्रंप के आगरा आगमन की संभावना 15 जनवरी को ही बन गई थी। क्योंकि अमेरिकन एडवांस टीम ने उस दिन यहां आकर ताजमहल परिसर और उसके आसपास के इलाके का निरीक्षण किया था। तभी से ट्रंप के आगरा आने की चर्चाएं शुरू हुई थीं, हालांकि उनके फाइनल प्रोग्राम के जारी होने का इंतजार किया जा रहा था।