Tika Utsav in Agra: टीका महोत्सव में पूरे जोश और उत्साह के साथ सहभागिता कर रहे विश्वविद्यालय के स्वयं सेवक
Tika Utsav in Agra आगरा समेत अलीगढ़ फिरोजाबाद मथुरा में भी निकाली रैली किया सहयोग। जेपी सभागार में लगा शिविर 70 शिक्षकों व परिजनों ने लगवाया टीका। रैली का शुभारंभ कुलपति प्रो. अशोक मित्तल व आरबीएस कालेज के प्राचार्य प्रो. यूएन सिंह ने किया।
आगरा, जागरण संवाददाता। टीका महोत्सव में डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय पूरे जोश और उत्साह के साथ सहभागिता कर रहा है। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा पालीवाल पार्क परिसर से जनजागरण रैली निकाली गई। खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में टीकाकरण के लिए शिविर भी लगाया गया। विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों ने भी अपनी-अपनी सहभागिता दिखाई।
रैली का शुभारंभ कुलपति प्रो. अशोक मित्तल व आरबीएस कालेज के प्राचार्य प्रो. यूएन सिंह ने किया। रैली में आरबीएस कालेज के 58 रोवर्स व रेंजर्स ने प्रतिभाग किया। इन छात्रों ने उत्तर प्रदेश अंतर विश्व विद्यालय रोवर रेंजर समागम में ओवर आल चैंपियनशिप में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। रैली विजय नगर व गांधी नगर के प्राथमिक टीकाकरण केंद्रों पर गई। दोनों केंद्रों पर 122 लोंगो की टीकाकरण में मदद की। रैली का संचालन डा. बसंत बहादुर सिंह, राकेश कुमार सैनी, डा. अनिल वशिष्ठ आदि ने किया। जेपी सभागार में लगे शिविर में 70 शिक्षकों व उनके परिजनों ने टीका लगवाया।
सेंट जोंस कालेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जीवनी मंडी व विजय नगर कालोनी पर सहयोग किया। शारीरिक दूरी का पालन करवाया। बुजुर्गों की फार्म भरने में मदद की। दोनों केंद्रों पर 281 लोगों को टीका लगाया गया। व्यवस्थाएं डा. रचिता शर्मा, डा. जॉन अभिषेक मसीह,डा. मेघा शर्मा ने संभाली।प्राचार्य प्रो. एसपी सिंह ने स्वयंसेवकों को इस उत्तम कार्य के लिए बधाई दी।
अलीगढ़ के वीरांगना अवंतीबाई राजकीय महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डा. सुरेश कुमार के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने आनलाइन सं गोष्ठी का आयोजन किया। लोगों को जागरूक किया।राजकीय महाविद्यालय मांट की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई व धर्म समाज महाविद्यालय अलीगढ़ के स्वयं सेवकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक किया। कुं. आरसी महिला महाविद्यालय मैनपुरी के छात्रों ने टीकाकरण के लिए लोगों को मदद की। महाविद्यालय की प्राचार्या डा. विनीता गुप्ता ने दिशा-निर्देश दिए।
सीएल जैन कालेज में हेल्प डेस्क की स्थापना की गई। टीका लगवाने हेतु 200 लोगों को प्रेरित किया गया। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिरसागंज की राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राओं ने केंद्रों पर जाकर सहयोग किया।पालीवाल महाविद्यालय, शिकोहाबाद की राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वाधान में पालीवाल चौराहा एवं तहसील तिराहे पर राहगीरों एवं दुकानदारों को मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया गया।