Ambedkar University Agra: ऐसा गौरवशाली अतीत है आंबेडकर विवि का, नगीने ही नहीं देश को कई नए विवि भी दिए
एक विश्वविद्यालय से 300 कालेज रहेंगे संबद्ध आंबेडकर विवि से संबद्ध हैं 1100 कालेज। यूजीसी की गाइडलाइंस के बाद शासन के निर्देशों का इंतजार फिर बनेगी योजना।
आगरा, प्रभजोत कौर। कालातीत में आगरा विश्वविद्यालय और वर्तमान का आंबेडकर विश्वविद्यालय। इसका इतिहास बहुत ही गौरवशाली रहा है। देश के पूर्व राष्ट्रपति डा. शंकर दयाल शर्मा सरीखे कई नगीने यहीं से पढ़कर निकले। इसके साथ ही आंबेडकर विवि ने देश को कई विवि भी दिए। एक जमाना वह भी था, जब छह महीने इसका कुलपति कार्यालय आगरा से संचालित होता था तो बाकी छह महीने शिमला से। अब स्थितियां फिर बदलने की ओर हैं। उच्च शिक्षण संस्थानों को स्वायत्तता देने की मुहिम को लेकर यूजीसी ने नई गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। चरणबद्ध तरीके से इस योजना में काम होगा। विश्वविद्यालयों से सिर्फ तीन सौ कालेज ही संबद्ध हो सकेंगे। एेसे में आंबेडकर विवि से संबद्ध 1100 कालेजों को लेकर चर्चा शुरू हो चुकी है। 93 साल पुराने इस विश्वविद्यालय से अब तक कई अन्य विश्वविद्यालय भी बन चुके हैं। अलीगढ़ में भी राज्य विवि की स्थापना हो चुकी है, जल्द ही यहां भी आंबेडकर विवि से लगभग 400 कालेज चले जाएंगे।
आंबेडकर विवि में से बने हैं कई विवि
1927 में बने आगरा विश्वविद्यालय का नाम 1996 में बदलकर डा. भीमराव आंबेडकर हुआ। 14 कालेजों से शुरू हुए सफर में आज आगरा और अलीगढ़ के 1100 कालेज संबद्ध हैं। कला, विज्ञान, वाणिज्य और कानून के संकायों की संख्या अब बढ़कर 13 हो गई है। आवासीय परिसर में सबसे पहले केएमआई की स्थापना 1953 में की गई थी, उसके बाद 1957 में समाज विज्ञान संस्थान और 1968 में गृह विज्ञान संस्थान की स्थापना हुई।इस विवि का विस्तार क्षेत्र गुजरात, कोलकाता, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान तक था। धीरे-धीरे इन राज्यों में विश्वविद्यालय बने तो आंबेडकर विवि का विस्तार क्षेत्र उत्तर प्रदेश तक रह गया। निवर्तमान कुलपति डा. जीसी सक्सेना बताते हैं कि इस विवि से गोरखपुर, बरेली, झांसी, मेरठ और कानपुर विश्वविद्यालय को कालेज मिले हैं। इस समय इसके विस्तार क्षेत्र में दो मंडल के आठ जिले आते हैं। उस समय कालेजों की संख्या ज्यादा नहीं होती थी। आज के समय में सेल्फ फाइनेंस कालेजों की वजह से संख्या काफी है।
अलीगढ़ में बन रहा नया विश्वविद्यालय
शासन द्वारा अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय बनाया जा रहा है। इस विश्वविद्यालय को आंबेडकर विवि की तरफ से 100 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई है। अभी तो इस शासन से निर्देश नहीं आए हैं लेकिन अलीगढ़ में बन रहे विवि में अलीगढ़ और हाथरस के लगभग 400 कालेज चले जाएंगे। आंबेडकर विवि में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, एटा व मैनपुरी के कालेज ही रह जाएंगे।
यूजीसी की गाइडलाइंस के बाद विवि प्रशासन शासन के निर्देशों का ही अनुपालन करेगा।हम शासन के निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं, इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
- डा. प्रदीप श्रीधर, पीआरओ, आंबेडकर विवि