Kisan Andolan: आगरा बॉर्डर पर अभी जारी रहेगा अलर्ट, टोल प्लाजा पर होगी चेकिंग
Kisan Andolan किसान आंदोलन के चलते अभी सतर्कता रखने के दिए हैं निर्देश। दिल्ली जाने वाले वाहनों पर रहेगी पुलिस की विशेष नजर। किसान आंदोलन की आड़ में अराजकता करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर है।
आगरा, जागरण संवाददाता। कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में किसानों का आंदोलन चल रहा है। इसके देखते हुए अभी अलर्ट जारी है। दूसरे राज्यों और जिलों की सीमा पर पुलिस फोर्स तैनात है। दूसरे राज्यों से आने और आगरा से जाने वाले लोगों की टोल प्लाजा पर चेकिंग हुई। तब उन्हें जाने दिया। रविवार को भी यही व्यवस्था रहेगी।
किसान आंदोलन की आड़ में अराजकता करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर है। पुलिस ने किसान नेताओं समेत पचास को रडार पर लिया है। उनकी विशेष निगरानी की जा रही है। निगरानी को सर्विलांस सेल की भी मदद ली जा रही है। वहीं दूसरी ओर पुलिस सभी राज्यों के बार्डर और दिल्ली जाने वाले रास्तों पर विशेष चेकिंग कर रही है। रविवार को भी सख्त व्यवस्था रहेगी। राजस्थान सीमा पर सैंया टोल प्लाजा के पास पुलिस और पीएसी तैनात है। यहां सीओ खेरागढ़ प्रदीप कुमार की ड्यूटीअ लगाई गई है। इसी तरह आगरा-जयपुर हाईवे पर कौरई टोल प्लाजा के पास पुलिस फोर्स तैनात है। आगरा- दिल्ली हाईवे और यमुना एक्सप्रेस वे पर भी विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। रविवार को भी सुरक्षा इंतजाम ऐसे ही रहेंगे। दिल्ली की ओर जाने वाले हर वाहन को चेक किया जाएगा। इसी तरह राजस्थान और मध्यप्रदेश की ओर से आने वाले वाहनों की भी चेकिंग की जाएगी।