पर्यटन मंत्री जी, स्लम कह ताजनगरी को न करिए बदनाम
आगरा: शहर को स्लम (गंदा) कहने पर केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री केजे अल्फोंस पर मेयर नवीन जैन ने रोष व्यक्त करते हुए चेतावनी दी है कि वे आगरा को बदनाम न करें।
आगरा: शहर को स्लम (गंदा) कहने पर केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री केजे अल्फोंस पर मेयर नवीन जैन (भाजपा) ने पलटवार किया है। शनिवार को उन्होंने मंत्री जी पर उन लोगों से मिले होने का आरोप लगाया, जो पर्यटन व्यवसाय को चौपट करने में लगे हुए हैं।
मेयर ने कहा कि जब आप दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) में आयुक्त थे। सभी जानते हैं कि आपने सिर्फ नई दिल्ली का ही विकास किया। पुरानी दिल्ली में उस समय क्या स्थिति थी। यह सभी को मालूम है। मंत्री जी के बयान से आगरावासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। देश-दुनिया में ताजनगरी की छवि को धक्का लगा है। पर्यटन पर खराब असर पड़ेगा। विभिन्न योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। जनता कभी माफ नहीं करेगी। आगरा ताज ट्रेपेजियम जोन में आता है। तीन किमी क्षेत्र घूमकर पूरे शहर को गंदा नहीं कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि मंत्री जी ने तो केंद्र सरकार की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान लगाया है। शाहगंज से गुजरे थे मंत्री
19 सितंबर को केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री आगरा आए थे। वह शाहगंज से होते हुए फतेहपुर सीकरी गए थे। तभी गंदगी और अतिक्रमण दिखा था।
--
देश में 102वीं रैंक
स्वच्छता सर्वेक्षण-2018 में आगरा देश में 102वें और प्रदेश में चौथे स्थान पर रहा है। वहीं 2017 में 264वें और 2016 में 45वें स्थान पर रहा। सर्वेक्षण की उपलब्धियों को दरकिनार नहीं किया जा सकता है। यह किए जा रहे प्रयास
- रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था
- ड्रेनेज सिस्टम की बेहतरी के लिए नालों की सफाई
- हरियाली को बढ़ावा देने के लिए दस हजार पौधे लगाना
- 132 चौराहों का सुंदरीकरण
- अवैध होर्डिग पर कार्रवाई
'आगरा बहुत गंदा है। सड़कों पर अतिक्रमण है। नगर निगम के अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं'
केजे अल्फोंस, केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री का बयान (19 को आगरा और 21 सितंबर को लखनऊ में)