आगरा में जनवरी में सावन जैसी झड़ी, एक बार फिर गिरेगा पारा, मौसम विभाग का कहना है ये
Today Agra Weather News Update आगरा में शनिवार देर रात शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक रुक रुककर होती रही। पांच एमएम हुई बीते 24 घंटे में बारिश। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक वहीं अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में रविवार सुबह से बादल छाए हुए हैं, धूप नहीं निकली है। सर्द हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। हालांकि, सुबह का तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज बारिश हो सकती है।
शनिवार को सुबह बारिश के बाद धूप निकल आई थी, रविवार को सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। सर्द हवा चल रही है, 11 बजे तक धूप नहीं निकली है। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे 17.6 डिग्री दर्ज किया गया था। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर कम रह जाने की वजह से ही गलन का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी होती रहेगी। धूप निकलने के आसार नहीं हैं।
28 जनवरी तक नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 28 जनवरी तक सर्दी रहेगी, इसके बाद सर्दी से राहत मिल जाएगी, रविवार को भी बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं कहीं ओले भी पड़ सकते हैं। सोमवार से सुबह कोहरा छाएगा।