आगरा में घना कोहरा, तापमान में भी आई गिरावट, अभी और सताएगी सर्दी
Today Agra Weather News Update आगरा में मंगलवार को सुबह घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह 10 बजे तक दृश्यता बहुत कम रही। सड़कों पर वाहन रेंग रेंगकर चल रहे थे। सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा न्यूनतम तापमान। 28 जनवरी तक रहेगी ज्यादा ठंड।
आगरा, जागरण संवाददाता। जनवरी के आखिरी दिनों में ठंड जोर पकड़ रही है। मंगलवार को भी आगरा में कोहरा बहुत घना रहा। सुबह 10 बजे तक सड़कों पर दृश्यता बहुत कम रही। इधर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट है। इसके चलते शीतलहर चल रही है। हालांकि दोपहर में कुछ देर के लिए निकल रही धूप ही राहत दे रही है। मौसम विभाग का कहना है कि 28 जनवरी तक सर्दी ज्यादा रहेगी, कोहरा भी अभी घना ही छाया रहेगा।
आगरा में घने कोहरे के साथ मंगलवार की सुबह हुई, कोहरा छटने के बाद ओस से ठिठुरन बढ़ गई है। सुबह घने कोहरे में दृश्यता शून्य हो गई, इससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। हाईवे के साथ कालोनियों में लाइट जलाने के बाद भी वाहन चलाकों को आगे चल रहे वाहन दिखाई नहीं दे रहे थे। 10 बजे के बाद कोहरा छटने लगा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान सोमवार को छह डिग्री सेल्सियस कम रहकर 17.3 डिग्री दर्ज हुआ था।
29 जनवरी को हो सकती है बारिश
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को घना कोहरा छाएगा। गुरुवार को सर्दी से कुछ राहत मिलेगी। मगर, 29 जनवरी को मौसम बदल सकता है, बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है।
घुटने और हडिडयों में हो रहा दर्द, कराह रहे मरीज
सर्दी में सबसे ज्यादा परेशानी घुटने के दर्द से परेशान बुजुर्ग मरीजों को हो रही है। एसएन के अस्थि रोग विभाग के अध्यक्ष डा. सीपी पाल ने बताया कि सर्दी में घुटनों का दर्द और बढ़ जाता है। इसके साथ ही हडिडयों में भी दर्द की समस्या के साथ मरीज आ रहे हैं। पुराने फ्रैक्चर के मरीजों को भी दर्द की समस्या हो रही है। जिला अस्पताल के अस्थि रोग विशेषज्ञ डा. बीके गुप्ता ने बताया कि घुटने को सर्दी से बचाएं, सर्दी में बाहर निकलने से बचें और अपने शरीर को गर्म रखें। इससे दर्द से राहत मिलेगी।
ये करें
- सर्दी में बुजुर्ग, बच्चे, ह्रदय रोगी और गर्भवती धूप न निकलने पर बाहर टहलने न जाएं।
- कान, नाक को ढक कर रखें।
- गर्म पानी का सेवन करें, गले में खराश होने पर भाप लें।
- घर में ही व्यायाम कर लें।
- सादा भोजन लें, ह्रदय रोगी चिकनाई युक्त भोजन का सेवन न करें।