आगरा में कोहरो के बीच से निकली धूप, गणतंत्र दिवस पर मौसम खुशनुमा
Today Agra Weather News Update आगरा में बुधवार को सुबह घना कोहरा छाया था लेकिन छंट भी जल्दी गया। सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा न्यूनतम तापमान। रात को शीतलहर चलने से बढ़ेगी सर्दी। आने वाले दिनों में बारिश के आसार।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में घने कोहरे की चादर छाई रही, गणतंत्र दिवस पर बुधवार को कोहरे और शीतलहर के बीच निकली धूप से मौसम खुशनुमा हो गया है। धूप में लोग घरों से बाहर निकल आए हैं और धूप का आनंद ले रहे हैं। हालांकि, सुबह का तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा।
बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, सुबह सुबह कोहरे में दृश्यता शून्य हो गई। साढ़े आठ बजे के बाद कोहरे के बीच से धूप निकली, लोगों के चेहरे खिल उठे लेकिन बादल छा गए। 10 बजे के बाद धूप निकल आई है। मौसम खुशुनमा होने से लोग बाहर निकलने लगे हैं। न्यूनतम तापमान सामान्य 8.4 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री सेल्सियस कम 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
30 जनवरी को हो सकती है बारिश
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को शीतलहर चलेगी और तापमान में गिरावट आएगी। शुक्रवार को भी शीतलहर चल सकती है। 30 जनवरी से मौसम बदल जाएगा और बारिश हो सकती है।
घुटने और हडिडयों में हो रहा दर्द, कराह रहे मरीज
सर्दी में सबसे ज्यादा परेशानी घुटने के दर्द से परेशान बुजुर्ग मरीजों को हो रही है। एसएन के अस्थि रोग विभाग के अध्यक्ष डा. सीपी पाल ने बताया कि सर्दी में घुटनों का दर्द और बढ़ जाता है। इसके साथ ही हडिडयों में भी दर्द की समस्या के साथ मरीज आ रहे हैं। पुराने फ्रैक्चर के मरीजों को भी दर्द की समस्या हो रही है। जिला अस्पताल के अस्थि रोग विशेषज्ञ डा. बीके गुप्ता ने बताया कि घुटने को सर्दी से बचाएं, सर्दी में बाहर निकलने से बचें और अपने शरीर को गर्म रखें। इससे दर्द से राहत मिलेगी।
Edited By Prateek Gupta