Agra Weather Forecast: ताजनगरी में वापस लौटी सुबह और शाम की ठंडक, दोपहर में है धूप तेज
Agra Weather आगरा में मंगलवार सुबह से आसमान साफ है और धूप तेज है लेकिन पिछले सप्ताह की अपेक्षा सुबह रही ठंडी। सोमवार शाम को भी हुआ था ठंड का अहसास। न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस किया गया दर्ज। न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में गर्मी का असर दिखाने के बाद मौसम फिर पलट गया है। हाफ स्लीव्स में घूमने वालों को सोमवार रात ही कंपकंपी का अहसास हो गया था। मंगलवार सुबह भी पिछले सप्ताह के मुकाबले ठंडी रही। न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज हो चुकी है। इसके साथ ही आज अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज होगी। हालांकि आसमान एकदम साफ है और तेज धूप निकली है।
सोमवार की अपेक्षाकृत मंगलवार सुबह ज्यादा ठंडी रही। एक बार फिर सुबह स्वेटर निकल आए और पंखे बंद करने पड़े। हालांकि सुबह आठ के बाद धूप तेज हो गई है। इससे मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12.9 दर्ज किया गया। यही तापमान सोमवार को 15.7 डिग्री था। तीन डिग्री की गिरावट आने के चलते ही सुबह ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रहेगा। जो बीते दिनों 36 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था।
इससे पहले तेज धूप निकलने से सोमवार को तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह आठ बजे के बाद धूप तेज होती गई। 10 बजे के बाद धूप में खडे़ होने पर पसीना निकलने लगा। दोपहर तीन बजे तक तेज धूप निकली। शाम को तेज हवा चलने लगी। इससे न्यूनतम तापमान सामान्य 11 डिग्री सेल्सियस से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य 27 डिग्री सेल्सियस से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को सुबह से ही तेज धूप निकलेगी।
35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा पारा
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को तेज धूप निकलेगी। इससे न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।