Agra Weather Forecast: ताजनगरी में बढ़ रहा तापमान, पूरे सप्ताह रहेगी धूप तेज
Agra Weather आगरा में मंगलवार सुबह आठ बजे से निकल आई अच्छी धूप। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस किया गया दर्ज। दिन में निकलेगी तेज धूप शाम को भी अपेक्षाकृत रहेगी कम सर्दी। रात के समय अब रजाई की जगह कंबल ओढ़ने लगे लोग।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में अब तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। मंगलवार सुबह से ही तेज धूप निकली है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज हो रही है। इस सप्ताह अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के आसपास रहने से राहत महसूस होती रहेगी।
मंगलवार सुबह से धूप अच्छी निकलने से लोगों की दिनचर्या समय से आरंभ हो गई। सुबह 10 बजे तक तो धूप अच्छी लगती रही लेकिन उसके बाद चुभने से लगी है। लोग स्वेटर उतारने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
इससे पहले सुबह सोमवार धूप निकलने के साथ ही सर्द हवा चलती रही। साेमवार दोपहर में तेज धूप निकलने से गर्मी का अहसास हुआ। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। सुबह सात बजे धूप निकल आई। हवा चलने से सर्दी कम नहीं हुई। दोपहर 12 से तीन बजे तक तेज धूप निकलने से गर्मी लगने लगी। शाम को हवा तेज हो गई। अधिकतम तापमान सामान्य 25 डिग्री सेल्सियस से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य नौ डिग्री सेल्सियस से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को तेज धूप निकलेगी।