Agra Weather Forecast: आगरा में सुबह से गर्मी, 21 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा तापमान
Agra Weather आगरा में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग डेढ़ डिग्री ज्यादा 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान पहुंचेगा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब। दोपहर बाद धूल भरी आंधी चल सकती है। 17 अप्रैल से बदलेगा मिजाज।
आगरा, जागरण संवाददाता। सुबह से ही आगरा में मंगलवार को तेज धूप निकलने से तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। धूप से लोग परेशान हैं। नवरात्र आरंभ होने के चलते महिलाओं ने सुबह ही पूजा अर्चना की। जो लोग सुबह 10 बजे के बाद मंदिर पहुंचे, वे धूप में परेशान नजर आए।
मंगलवार सुबह आठ बजे के बाद धूप तेज हो गई है, धूप में निकलने में परेशानी हो रही है। नौ बजे के बाद धूप चुभने लगी है। इससे न्यूनतम तापमान सामान्य 20 डिग्री सेल्सियस से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तेज धूप निकलने से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। इसके साथ ही दोपहर में लू भी चलेगी, इससे लोग परेशान रहेंगे।
17 अप्रैल से बदलेगा मौसम, 18 अप्रैल को बारिश
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को भी तेज धूप निकलेगी। 17 अप्रैल से मौसम बदल जाएगा। बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है। 18 अप्रैल को बारिश की संभावना है, 19 अप्रैल को भी बादल छाए रहेंगे। मगर, तापमान में गिरावट नहीं आएगी।