Agra Weather Forecast: ताजनगरी में हवा चलने से छंटी धुंध, धूप में भी कुछ तेजी
Agra Weather आगरा मेें बुधवार को सुबह धुंध न रहने और कोहरा न छाने से सुबह जल्दी धूप निकलने से ठंड का असर हुआ कम। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में आज हो सकती है कुछ वृद्धि। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में बुधवार को सुबह हवा चलने से धुंध और कोहरा छंट गया है। धूप जल्दी निकलने से लोगों को राहत रही। सुबह टहलने निकले लोगों ने भी राहत महसूस की। अब तक यही लग रहा था कि दीपावली सर्दी में मनेगी लेकिन अब मौसम खुशनुमा हो चुका है। हालांकि इस साल पिछले वर्ष के मुकाबले ज्यादा ठंड पड़ने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान 14 डिग्री से नीचे पहुंच चुका था। बुधवार को कुछ वृद्धि होगी।
बुधवार सुबह आठ बजे से धूप खिलने लगी। मौसम विज्ञानियों ने पहले ही संभावना जताई थी कि 11 नवंबर को धूप निकलेगी। इससे पहले मंगलवार को हवा चलने से धुंध छंट गई और स्मॉग भी हट गया है। इससे भी सांस रोगियों को राहत मिली है। बुधवार को मौसम विभाग का पूर्वानुमान है आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट आएगी, अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
15 नवंबर तक रहेगी धूप
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 15 नवंबर से धुंध छट जाएगी, हवा चलने के साथ तेज धूप निकलेगी। इससे न्यूनतम तापमान में बढोत्तरी होगी। इसके बाद फिर से धुंध छाने लगेगी और कोहरा भी रहेगा।