Agra Weather Forecast: ताजनगरी में गणतंत्र दिवस पर खिली धूप तो खिल गए चेहरे भी
Agra Weather आगरा में मंगलवार को सुबह रहा था हल्का कोहरा आठ बजे तक नहीं निकली धूप। रात के समय कंपकंपी छुड़ा रही है ठंड। हवा में गलन बरकरार। इससे पहले ताजनगरी में सोमवार को कोल्ड डे कंडीशन रही थी।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में गणतंत्र दिवस की सुबह खिली-खिली रही। सुबह मामूली कोहरे के बाद धूप निकल आई और गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान चेहरे खिले-खिले रहे। हालांकि हवा में ठंडक बरकरार है और बादल छंट जाने से राहत मिली है। आज तापमान में कुछ सुधार हो सकता है।
मंगलवार सुबह छह बजे हल्का कोहरा रहा, शहर के अंदरूनी इलाकों को छोड़ बाहरी इलाकों में दृश्यता शून्य जैसी स्थिति रही। सुबह आठ बजे तक धूप निकल आई थी। सुबह 10 बजे का तापमान 13 डिग्री दर्ज किया जा चुका है। मौसम विभाग ने मंगलवार को अधिकतम 20 और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना जताई है।
इससे पहले ताजनगरी में सोमवार को कोल्ड डे कंडीशन रही। शीतलहर चलने से धूप निकलने के बाद भी सर्दी से राहत नहीं मिली। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। सुबह घना कोहरा छाया रहा। सुबह 11 बजे तक बादल छाए रहे। इसके बाद धूप निकली। मगर, शीतलहर चलने से धूप निकलने के बाद भी सर्दी से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार कोल्ड डे कंडीशन रही। शाम को सर्द हवा तेज हो गई। अधिकतम तापमान सामान्य 23 डिग्री सेल्सियस से छह डिग्री सेल्सियस कम 17. 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 8 .1 डिग्री सेल्सियस रहा।
29 जनवरी तक चलेगी शीतलहर
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को सुबह कोहरा छाएगा। साथ ही शीतलहर चलेगी। 29 जनवरी तक ऐसा ही मौसम रहेगा। न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा
एसएन के मेडिसिन विभाग के डा मृदुल चतुर्वेदी ने बताया कि सर्दियों में ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है। ऐसे में ह्रदय रोगियों को हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा रहता है। सर्दी से बचने के साथ ही नियमित दवाएं लेते रहें। एसएन के टीबी एंड चेस्ट डिपार्टमेंट के डा जीवी सिंह ने बताया कि सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीज सर्दी से बचें। सांस फूलने पर इन्हेलर ले लें, धूप निकलने पर ही टहलने जाएं।
बच्चों को सर्दी से बचाएं
एसएन मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग के डा नीरज यादव ने बताया कि बच्चों को सर्दी से बचाएं। इस मौसम में बच्चों को निमोनिया का खतरा रहता है। ठंडे खाद्य पदार्थ का सेवन ना करने दें, गर्म पेय पदार्थ अधिक दें।