Agra To Jaipur Flight: आगरा- जयपुर हवाई सेवा ठप, ये रहा बड़ा कारण
Agra To Jaipur Flight यात्रियों की कमी के चलते बंद हुई फ्लाइट। ताजमहल खुलने के बाद इस फ्लाइट के शुरू होने की उम्मीद।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा- जयपुर के बीच संचालित होने वाली एयर इंडिया की एकमात्र फ्लाइट भी ठप हो गई है। यात्रियों की कमी के चलते इसका संचालन फिलहाल बंद कर दिया गया है। अब ताजमहल खुलने के बाद ही इसके शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। लॉकडाउन में सड़क, रेल और हवाई सभी परिवहन बंद थे। अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हुई तो परिवहन को भी पटरी पर लाने का प्रयास किया गया। एक जून से हवाई सेवा को हरी झंडी मिलते ही आगरा-जयपुर के बीच संचालित होने वाली एयर इंडिया की उड़ान भी शुरू हो गई। शुरुआत में तो लॉकडाउन में फंसे लोगों की वजह से फ्लाइट में यात्रियों की संख्या ठीकठाक रही। सप्ताह में सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होने वाली इस फ्लाइट में 15 से 20 यात्री आ-जा रहे थे लेकिन समय के साथ यात्रियों की संख्या कम होती गई। अगस्त में फ्लाइट में यात्रियों की संख्या दो-तीन ही रहने लगी। ऐसे में हवाई सेवा को जारी रख पाना मुश्किल होने लगा और यह सेवा पटरी से उतरने लगी। यात्री न होने की वजह से सप्ताह में चार दिन के बजाय बमुश्किल एक दिन ही इसका संचालन हो पा रहा था। परिस्थितियों को देखते हुए सितंबर की शुरुआत में इस फ्लाइट का संचालन फिलहाल बंद कर दिया गया। बता दें कि एयर इंडिया की यह फ्लाइट जयपुर से सुबह 9 बजे आगरा आती थी और यहां से सुबह 9.30 बजे जयपुर के लिए रवाना होती थी। ताजमहल खुलने के बाद यह हवाई सेवा फिर से शुरू हो सकती है। आगरा-दिल्ली फ्लाइट जनवरी से ही बंद चल रही है।
यात्रियों की कमी वजह से आगरा-जयपुर फ्लाइट फिलहाल बंद है। ताजमहल खुलने के बाद इसका संचालन फिर हो सकता है। अक्टूबर के आखिर में कुछ और शहरों के बीच हवाई सेवा शुरू हो सकती है। ए. अंसारी, निदेशक, विमानपत्तन, खेरिया हवाई अड्डा