Public Health को लेकर आगरा स्मार्ट सिटी जल्द ही बनाएगी विश्व रिकॉर्ड Agra News
एक साथ 50 हजार स्मार्ट हेल्थ कार्ड किए जाएंगे वितरित। गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉडर््स को भेजी एप्लीकेशन हुई स्वीकृत।
आगरा, प्रभजोत कौर। आगरा स्मार्ट सिटी के तहत शुरू किए गए स्मार्ट हेल्थ सेंटर विश्व रिकॉर्ड बनाने जा रहा है। एक दिन में 50 हजार स्मार्ट हेल्थ कार्ड वितरित किए जाएंगे। गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड को एप्लीकेशन भेजी जा चुकी है, जो स्वीकृत हो गई है। वहां से तारीख तय होते ही तैयारियां शुरू हो जाएंगी।
पहले चरण में नगर निगम परिसर के बाहर हेल्थ सेंटर शुरू हो चुका है। पीपीपी मॉडल पर शुरू हुए इस सेंटर के बाद शहर के नौ और स्थानों पर भी सेंटर खोले जाएंगे।
एक दिन में बटेंगे 50 हजार कार्ड
विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए एक दिन में ही 50 हजार स्मार्ट कार्ड वितरित करने का लक्ष्य है। इसके लिए 15 दिन पहले से तैयारी की जाएगी। जगह-जगह कैंप लगाए जाएंगे। जहां नि:शुल्क रजिस्ट्रेशन होंगे। कार्ड गिनीज बुक द्वारा दी गई तिथि पर एक साथ वितरित किए जाएंगे।
वेलनेस से लेकर कैंसर तक की मिलेगी जानकारी
शहर में खुलने वाले दस सेंटरों पर अलग-अलग सुविधाएं होंगी। हर सेंटर पर फार्मेसी, चिकित्सक केबिन, डायग्नोस्टिक सेंटर तो होगा ही। नगर निगम के सामने खुले सेंटर में ऑप्थेमोलॉजी सेंटर के साथ ही डेंटल जांच भी हो रही है। खंदारी सेंटर पर सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, एमआरआई की सुविधा होगी। आवास विकास सेंटर को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। यहां वेलनेस क्लीनिक होगा। योगा, जिम, फीजियोथैरेपी, नैचुरोपैथी, आयुर्वेदिक इलाज होगा। जिम की महीने की फीस 100 रुपये रखी जाएगी। छीपीटोला सेंटर पर कैंसर की जांच और जागरूकता अभियान होगा। हड्डियों की जांच और डायलिसिस की सुविधा भी सेंटरों पर होगी। नगर निगम सेंटर पर एंटी टोबेको इरेडीकेशन प्रोग्राम शुरू किया जाएगा।
पांच सेंटर शुरू होंगे एक साथ
स्मार्ट हेल्थ सेंटर शहर में दस स्थानों पर खुलेंगे। छह स्थान फाइनल हो चुके हैं। इनमें से चार पर काम चल रहा है। एक केंद्र छावनी क्षेत्र में खुलेगा, जिसकी कार्यवाही शुरू हो चुकी है। अप्रैल अंत में पांच सेंटर शुरू कर दिए जाएंगे।
आगरा को बांट देंगे पिनकोड पॉकेट में
जब सभी स्मार्ट हेल्थ सेंटर शुरू हो जाएंगे तो एक नई योजना पर काम होगा। इसके अंतर्गत शहर को पिनकोड के आधार पर पॉकेट्स में बांट दिया जाएगा। इसके बाद क्षेत्रवार बीमारियां जांची जाएंगी, डाटा तैयार किया जाएगा। इस डाटा के आधार पर नगर निगम की टीमें स्वच्छता अभियान चलाएंगी।
स्मार्ट हेल्थ सेंटर में एक महीने में आए मरीज
- 1829 लोगों की आंखों की निश्शुल्क हुई जांच
-1327 चश्मे बिके
-1471 लोगों की जांच की गई लेबोरेट्री में
-450 लोगों ने डाक्टर से लिया परामर्श
-140 लोगों के दांतों का हुआ परीक्षण
-980 लोगों ने फार्मेसी से खरीदीं दवाएं
नगर निगम परिसर में तैयार हुई लैब में लगी मशीनें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के बाद आगरा में लगी हैं। इस लैब को बनाने में 4.8 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। रोबोटिक आर्म से यहां एक घंटे में 1800 सैंपल एक साथ प्रोसेस हो सकते हैं। विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए हम तैयार हैं। स्वीकृति मिलते ही कैंप लगाने शुरू कर दिए जाएंगे।
- आनंद मैनन, वाइस प्रेसीडेंट, आगरा स्मार्ट सिटी