विकास कार्यो में पक्षपात का आरोप, उतरे सड़क पर
आगरा: विजय नगर कॉलोनी में प्रस्तावित जनकपुरी महोत्सव में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा।
आगरा: विजय नगर कॉलोनी में प्रस्तावित जनकपुरी महोत्सव में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। विकास कायरें में पक्षपात का आरोप लगाते हुए क्षेत्रीय लोग बुधवार को सड़क पर उतर आए। आयोजन समिति और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राधा कृष्ण मंदिर पर धरने पर बैठ गए। क्षेत्रीय पार्षद नेहा गुप्ता का घेराव कर आयोजन समिति अध्यक्ष विधायक जगन प्रसाद गर्ग और महापौर नवीन जैन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
लोगों का कहना था कि उनके क्षेत्र विजयनगर से सटे हुए हैं और वहीं से काफी लोग जनकपुरी महोत्सव में पहुंचेंगे लेकिन विजय नगर सोसाइटी के हस्तक्षेप से कई क्षेत्रों में विकास कार्य अधर में लटक गए हैं। सोसाइटी ने ऐसे कई क्षेत्रों में विकास कार्य रोकने की माग भी की, जो जनकपुरी क्षेत्र मे ही आते हैं।
मेयर के आश्वासन पर हुए शांत
विरोध की जानकारी पर मेयर नवीन जैन मौके पर पहुंचे और क्षेत्रीय लोगों से मुलाकात कर समस्याओं का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। महापौर ने भरोसा दिलाया कि उनके क्षेत्र में भी विकास कार्य होंगे, इसके लिए आयोजन समिति के साथ प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ क्षेत्र का दौरा कर प्रस्तावित विकास कार्यो पर अंतिम मुहर लगेगी।
विकास कार्य शुरू न होना चिंताजनक: मेयर ने माना आयोजन करीब है, फिर भी अब तक क्षेत्र में संबंधित विभागों ने विकास कार्य शुरू नहीं कराए हैं, जो चिंताजनक है। इस दौरान जनकपुरी समिति अध्यक्ष मंडल के समीर चतुर्वेदी, बृज किशोर अग्रवाल, क्षेत्रीय पार्षद नेहा गुप्ता, पार्षद धर्मवीर, पार्षद लाल सिंह आदि मौजूद रहे।
जनकपुरी को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, ऐसे में विकास को लेकर फिर एक बार विरोध के सुर मुखर होने लगे हैं।