चिलचिलाती गर्मी में जाम, तड़पते रहे लोग
आगरा: आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर लगे जाम के चलते एक तरफ रुनकता और दूसरी तरफ सिकंदरा चौराहा तक वाहन दिनभर फंसे रहे।
जागरण संवाददाता, आगरा: हाईवे पर सात घंटे तक लगा जाम और दोपहर का तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस। ऐसी चिलचिलाती गर्मी में वाहनों को रेंगकर निकलने की जगह भी न मिली। वाहन जहां के तहां ठहर गए। दोनों तरफ कई किलोमीटर तक लाइन लग गई। बसों और निजी वाहनों में फंसे हजारों लोग दिनभर भूखे-प्यासे तड़पते रहे। कई बच्चों की हालत बिगड़ गई। कानपुर से आए एक परिवार के बच्चे की हालत बिगड़ने पर पुलिस ने अस्पताल भिजवाया।
आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर लगे जाम के चलते एक तरफ रुनकता और दूसरी तरफ सिकंदरा चौराहा तक वाहन दिनभर फंसे रहे। कानपुर निवासी ट्रक चालक परिवार के साथ दिल्ली जा रहा था। जाम में छह घंटे तक फंसे रहने से दंपती के पांच साल के बेटे की तबियत बिगड़ गई। उसे उल्टियां होने लगीं। यह देख दंपती घबरा गए, वहां मौजूद एक व्यक्ति ने पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने अपनी गाड़ी से बच्चे को अस्पताल भेजा।
जाम में फंसे वाहनों में सवार महिलाओं और बच्चों का इस दौरान बुरा हाल रहा। लोग बच्चों के लिए पानी, भोजन आदि का इंतजाम करने के लिए भटकते रहे। गुजरात के सौराष्ट्र जिले के भाऊचंद भाई सात लोगों के साथ ताज देखने आए थे। उन्होंने बताया कि जाम में फंसने के बाद वह खाने-पीने का सामान जुटाने के लिए परेशान हो गए। साथ आए बच्चों को काफी परेशानी हुई।
रोडवेज बसों में सवार यात्रियों को ज्यादा दिक्कत हुई। अधिकांश लोग बच्चों और महिलाओं के साथ सफर कर रहे थे। बच्चों के लिए ढाबों और दुकानों पर दूध खरीदने गए लेकिन नहीं मिला। बिलखते बच्चों को पानी पिलाकर शांत किया। पोलैंड के पर्यटक हुए बेहाल
पोलैंड के 44 पर्यटकों का ग्रुप बुधवार सुबह साढे़ पांच बजे गुरुग्राम से ताज देखने आया था। सभी यहां एक प्रोजेक्ट के सिलसिले में आए हैं। ताज, किला और सिकंदरा देखने के बाद दोपहर एक बजे पर्यटक गुरुग्राम लौट रहे थे। वह जाम में पांच घंटे से ज्यादा फंसे रहे। बस में पानी खत्म होने के बाद वे भटकते दिखे। कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लौटना पड़ा
मथुरा के राल निवासी राकेश, दिलीप और मुकेश समेत दो दर्जन लोग महिलाओं एवं बच्चों के साथ परिचित के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। दो घंटे तक जाम में फंसे रहे। उनको लगा कि कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे। सभी रास्ते से घर लौट गए।
चार धाम की यात्रा भूले, याद रहेगा जाम
गुजरात के अहमदाबाद के तरसपुर से 45 पर्यटकों का दल चार धाम की यात्रा करके मथुरा जा रहा था। श्रद्धालुओं मीना बेन, रंजन बेन आदि का कहना था कि वह चारों धाम की यात्रा भूल गई हैं। आगरा में छह घंटे जाम में फंसना हमेशा याद रहेगा। मिर्जापुर से मथुरा के एक आश्रम जा रहे 50 महिलाएं, बच्चे और पुरुष भी जाम से बेहाल दिखे। उनका कहना था कि दोपहर से भूखे हैं, पानी को भी तरस गए।