जागरण संवाददाता, आगरा: तूफान के बाद बुधवार रात आई आंधी ने चार लोगों की जान ले ली। इसमें कई परिवार तबाह हो गए। एक घंटे में ही प्रशासन मदद को मौके पर था। इतना ही नहीं 18 घंटे पूरे होने तक डिप्टी सीएम भी यहां पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को सर्किट हाउस में मुआवजे के चेक दिए और दुख की घड़ी में सरकार के साथ होने का भरोसा दिलाया।
आंधी ने शहर के कुछ इलाके और एत्मादपुर तहसील के कुछ गांवों में तबाही मचाई थी। इसमें हुई चार लोगों की मौत के बाद पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए गुरुवार को दोपहर 12 बजे डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा यहां पहुंच गए। पहले वे मथुरा गए, लौटकर दोपहर दो बजे सर्किट हाउस में पीड़ित परिवारों से मिले। सबसे पहले उन्होंने आंधी में जान गंवाने वाले एत्मादपुर के नगला नथोली निवासी रामरतन के भाई भोजराज को चार लाख 16 हजार रुपये का चेक दिया। इसमें चार लाख रुपये आर्थिक सहायता राशि है। शेष धनराशि, बर्तन, कपड़ों और क्षतिग्रस्त झोंपड़ी ठीक करने के लिए है। इसके बाद उन्होंने आंधी में मारे गए एत्मादपुर तहसील के खंदौली में नगला अर्जुन निवासी 10 वर्षीय विशाल के पिता को 5 लाख 13 हजार आठ सौ रुपये का चेक दिया। इसमें चार लाख रुपये आर्थिक मदद है और 95 हजार सौ रुपये क्षतिग्रस्त मकान को ठीक कराने के लिए हैं। डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि दैवीय आपदा में हुई जनहानि, पशु हानि, मकान एवं फसल को जो नुकसान हुआ है, उनसे सम्बन्धित राहत भी पीड़ित परिवारों को मुहैया कराई जा रही है। वे मुख्यमंत्री के निर्देश पर यहां तत्काल मदद देने आए हैं। हालांकि कई जिलों में दौरा होने के कारण वे पीड़ितों के घर नहीं पहुंच पा रहे हैं।
डिप्टी सीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार हर पीड़ित के साथ है। उन्होंने बताया कि आगरा जनपद में ही बुधवार को दी गई धनराशि के अलावा 2 करोड़ 80 लाख, 27 हजार 100 रुपये अनुदान राशि से घायलों का इलाज सरकार द्वारा कराया जा रहा है। फसल बीमा योजना तथा विद्युत विभाग द्वारा दी गई धनराशि अलग से दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि आपदा को देखते हुए मुख्यमंत्री द्वारा जिला प्रशासन व पुलिस को सतर्क कर दिया गया था। आपदा के तत्काल बाद ही प्रशासन द्वारा सहायता व अन्य बचाव कार्य शुरू कर दिए गए। जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उनके रहने की अलग व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि बगैर भेदभाव के राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास सिद्धांत पर कार्य कर रही है। सर्किट हाउस में एत्मादपुर विधायक राम प्रताप सिंह चौहान, फतेहाबाद विधायक जितेन्द्र वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, कमिश्नर के राममोहन राव, डीएम गौरव दयाल, एसएसपी अमित पाठक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आगरा में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे
डाउनलोड करें हमारी नई एप और पायें
अपने शहर से जुड़ी हर जरुरी खबर!