आसमान से दिनभर बरसी आग
जागरण संवाददाता, आगरा: ताजनगरी में मंगलवार को दिनभर आसमान से आग बरसी। सुबह से शाम तक तेज धूप निकली औ
जागरण संवाददाता, आगरा: ताजनगरी में मंगलवार को दिनभर आसमान से आग बरसी। सुबह से शाम तक तेज धूप निकली और लू के थपेड़े चुभते हुए नजर आए। लोग दिनभर पसीना बहाते रहे। उन्हें सूर्यास्त होने के बाद भी गर्म हवा निरंतर चलते रहने की वजह से राहत नहीं मिल सकी। मंगलवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री से. तक पहुंच गया।
ताजनगरी में सोमवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई थी। दिनभर गर्म हवा चलने और तापमान में वृद्धि से लोग परेशान हो उठे थे। रात में भी उन्हें राहत नहीं मिल सकी थी। मंगलवार को सुबह से सूरज के तेवर तीखे रहे। जैसे-जैसे दिन चढ़ा तापमान भी बढ़ता चला गया। सुबह 10 बजे से ही गर्म हवा चलना शुरू हो गई थी। दोपहर में तो यह हवा लू में बदल गई। शहरवासी इससे बचने को स्वयं को पूरी तरह ढककर या जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकले। एसी और कूलर भी मंगलवार को गर्मी से राहत नहीं दे सके। लोग बैचेन दिखे और पसीना बहाते रहे। शाम ढलने के बाद भी उन्हें गर्मी से राहत नहीं मिली। इसके चलते दिनभर बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
अधिकतम तापमान मंगलवार को 45.4 डिग्री से. रहा, जो सोमवार के 43.2 डिग्री से. से 2.3 डिग्री से. अधिक था। यह सामान्य तापमान से तीन डिग्री से. अधिक था। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री से. दर्ज किया गया जो सोमवार के 27.2 डिग्री से. से अधिक था। सामान्य तापमान से यह दो डिग्री से. अधिक था। मंगलवार इस सीजन का सबसे अधिक गर्म दिन रहा। इससे पूर्व 12 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री से. दर्ज किया गया था। मंगलवार को आगरा प्रदेश के गर्म शहरों में चौथे स्थान पर रहा। सबसे अधिक गर्म इलाहाबाद रहा।
इस सप्ताह राहत की उम्मीद नहीं
मौसम विभाग की मानें तो इस सप्ताह गर्मी जमकर सितम ढाएगी। लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार न के बराबर ही हैं। तापमान 44 से 45 डिग्री से. के बीच रह सकता है। बुधवार को भी आसमान साफ रहेगा। सुबह से धूप निकलेगी और दिन में लू सताएगी।
1998 में 48.6 डिग्री से. पर पहुंचा था पारा
मई में एक दिन में अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड 28 मई, 1998 को बना था। तब अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री से. दर्ज किया गया था। वहीं, न्यूनतम तापमान 19 मई, 1999 को 14 डिग्री से. दर्ज किया गया था।
यह शहर रहे गर्म
क्रम, शहर, अधिकतम तापमान (डिग्री से. में)
1, इलाहाबाद, 46.3
2, बांदा, 46.2
3, उरई, 45.5
4, आगरा, 45.4
5, हमीरपुर, 45.2
6, झांसी, 45.1