Agra Lockdown Update Part 2: पार्क में बिखरे नोटों ने फैलाई सनसनी, पुलिस ने आकर लिया ये एक्शन
Agra Lockdown Update Part 2 कोरोना वायरस संक्रमित होने की आशंका पर पुलिस को दी सूचना। चूहों के कुतरे हुए थे नोट पुलिस ने सतर्कता के चलते जलाए नोट।
आगरा, जागरण संवाददाता। पार्क में सुबह- सुबह नोटों के बिखरे होने से सनसनी फैल गई। लोगों ने नोटों को किसी कोरोना संक्रमित द्वारा फेंकने की आशंका पर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने पहले तो इन नोटों को जलाने का फैसला किया। मगर, सभी नोट चूहों द्वारा कुतरे हुए थे, इसलिए उन्हें ग्ल्बस पहनकर एक जगह एकत्रित करने के बाद लोगों की सलाह पर आग लगा दी।
कोरोना संक्रमण काल में अलीगढ़ समेत कई शहरों में सड़क पर कई नोट पड़े मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। सोशल मीडिया पर भी ऐसी खबरें बहुत तेजी से वायरल हो रही हैं। ऐसे में लोग अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं।शुक्रवार सुबह आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर आठ में भी नोट मिलने का मामला जब सामने आया तो स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई। मामले के अनुसार कॉलोनी का एक युवक सुबह करीब नौ बजे पार्क की ओर गया था। पार्क में टहलने के दौरान युवक को वहां नोट बिखरे हुए मिले। जो कि 10, 50, और 100 के थे।स्थानीय लोगों के अनुसार रकम पांच से छह सौ रुपये के बीच की थी। इतने सारे नोटो को पार्क में यूं बिखरा पड़ा देखकर इसकी जानकारी कॉलोनी के लोगों काे दी। उन्हें आशंका हुई की नोट कहीं किसी साजिश का हिस्सा न हों। जिन्हें कोई कोरोना संक्रमित व्यक्ति जानबूझकर वहां फेंक गया हो।
कॉलोनी के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। वह मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भी इन नोटों को जलाने का फैसला किया। मगर, इन नोटों को ध्यान से देखा गया तो वह सभी चूहे के कुतरे हुए थे। इस पर लोगों ने पुलिस को इन नोटों को नहीं जलाने की सलाह दी। लोगों काे लगा कि शायद चूहे इन नोटों को किसी के घर से यहां लेकर आ गए हों। मगर कॉलोनी के लोगों और पुलिस ने सतर्कता के चलते इन नोटों को जलाने का फैसला किया। ग्लब्स पहनकर एक जगह एकत्रित करने के बाद उनमें आग लगाकर राख कर दिया। आवास विकास कॉलोनी चौकी प्रभारी मोहित के अनुसार लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। नोटों को सतर्कता के चलते जला दिया गया है।