गर्मी से झुलसी जिंदगी, 45 पर पहुंचा पारा
आगरा: ताजनगरी में शनिवार को आसमान से आग बरसी। न दिन में चैन मिला न रात में आराम। दिन भर लू के थपेड़े चुभते रहे।
जागरण संवाददाता, आगरा: ताजनगरी में शनिवार को आसमान से आग बरसी। न दिन में चैन मिला न रात में आराम। दिन भर लू के थपेड़े चुभते रहे। आंखों में जलन और सनबर्न की शिकायतें आई। अधिकतम तापमान बढ़कर 45 डिग्री से. तक पहुंच गया, जो इस सीजन में सर्वाधिक था। मई के दूसरे सप्ताह में ही तापमान के इस स्तर तक पहुंचने से जून में पड़ने वाली गर्मी की आशंका से ही शहरवासी चिंतित हो उठे हैं।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 44 डिग्री से. तक पहुंच गया था। दिन के बाद रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी थी। कूलर व एसी भी फेल से साबित होने लगे। शनिवार को सुबह से ही तेज धूप और दिन चढ़ने के साथ पारा भी ऊपर चढ़ता चला गया। दोपहर में लू चलने लगी। राहगीर छांव तलाशते नजर आए। दोपहर तीन बजे के बाद आसमान में बादल घिर आए। इससे उमस बढ़ गई। मौसम विभाग ने धूल भरी आंधी व बारिश की चेतावनी जारी की थी, लेकिन मौसम सामान्य बना रहा। अधिकतम तापमान शनिवार को 45 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार के 44 डिग्री से एक डिग्री और सामान्य तापमान से तीन डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री से. दर्ज किया गया, जो शुक्रवार के 25.2 डिग्री से. से 1.6 डिग्री से. और सामान्य तापमान से दो डिग्री से. अधिक था। आगरा प्रदेश में शनिवार को दूसरा गर्म शहर रहा। सबसे अधिक गर्म झांसी रहा। 1998 में 48.6 डिग्री से. रहा था तापमान
मई में एक दिन में सर्वाधिक तापमान का रिकॉर्ड 28 मई, 1998 को दर्ज किया गया था। तब अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री से. रहा था। मई में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19 मई, 1999 को 14 डिग्री से. रिकॉर्ड किया गया था। मई में एक दिन में सर्वाधिक बारिश 11 मई, 1966 को 37.5 एमएम रिकॉर्ड की गई थी। आज आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने रविवार व सोमवार को दो दिन के लिए आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि यहां धूल भरी आंधी आ सकती है, जिसकी रफ्तार 50 से 70 किमी प्रति घंटा रहेगी। इसके साथ बारिश हो सकती है। यह स्थिति उप्र व राजस्थान बॉर्डर और जम्मू-कश्मीर व पाकिस्तान बॉर्डर पर कम वायुदाब क्षेत्र बनने से पैदा हो रही है। सड़कों पर दिखा सन्नाटा
दो दिन से तापमान के 44-45 डिग्री से. तक पहुंचने से लोग जरूरी काम होने पर ही दिन में घर से बाहर निकल रहे हैं। इससे सड़कों पर सन्नाटा सा पसरा नजर आ रहा है। शाम को ही खरीदारी
गर्मी की वजह से शनिवार दोपहर बाजारों में भी सन्नाटा रहा। शहरवासी शाम ढलने के बाद ही खरीदारी को घरों से बाहर निकले। यह शहर रहे गर्म
क्रम, शहर अधिकतम तापमान (डिग्री से. में)
1, झांसी, 45.4
2, आगरा, 45.0
3, बांदा, 44.2
4, उरई, 44.0
5, इटावा, 41.4 पिछले चार दिनों में ऐसे बढ़ा तापमान
दिन, अधिकतम तापमान
शनिवार, 45.0
शुक्रवार, 44.0
गुरुवार, 40.6
बुधवार, 39.0