आगरा में कोरोना के नए केस 150 पार, एक्टिव केस 500 के करीब
AGRA Unlock News Update आगरा में कोरोना वायरस का जैसे हर दिन विस्फोट हो रहा है। शुक्रवार को यहां 169 नए संक्रमित पाए गए हैं। वहीं एक्टिव केस बढ़कर 472 हो चुके हैं। पिछली बार के मुकाबले इस बार संक्रमण फैलने की दर बहुत ज्यादा है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 169 नए केस आए हैं। जिस तेजी से इस बार कोरोना वायरस संक्रमण बढ़ रहा है, उसमें सबसे ज्यादा जरूरी है खुद का बचाव। दरअसल वैक्सीन की दोनों डोज लगने के बाद भी व्यक्ति चपेट में आ रहा है। ये बात अलग है कि उतना खतरनाक साबित नहीं हो रहा है लेकिन परेशानी तो परेशानी ही है। डेल्टा वेरिएंट हो या ओमिक्रोन, खतरा दोनों में ही है। तमाम जागरूक करने वाले मैसेज चल रहे हैं लेकिन उसके बावजूद लोग सड़कों और बाजारों में अपनी मनमानी कर रहे हैं। आगरा ही नहीं बल्कि आसपास के शहरों की तस्वीर भी देखेंगे तो वहां भी केस बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। आगरा में गुरुवार को 132 केस आए थे। इससे पहले बुधवार को 64 नए मामले सामने आए थे। एक्टिव केस 472 हो चुके हैं।
प्रशासन द्वारा जारी कोरोना अपडेट के अनुसार शुक्रवार को मिले 169 नए केसों के बाद अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 26254 हो गई है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लोगों से लापरवाही न बरतने की अपील कर रहा है। रात्रि कर्फ्यू लागू हो ही चुका है। अब तक कुल 25323 लोग स्वस्थ हुए हैं। सरकारी आंकड़ों में मृतक संख्या 458 है। शुक्रवार तक 2226464 लोगों के टेस्ट हो चुके हैं। गुरुवार तक 2220792 लोगों की जांच हो चुकी थी। शुक्रवार को एक दिन में कुल 5672 सैंपल जांचे गए हैं। ठीक होने की दर गिरकर 96.45 फीसद पर आ गई है। कुछ समय पहले तक ये 98.20 पर स्थिर सी थी। आगरा में 11711643 लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं।
बढ़ा दिए जांच केंद्र
आगरा में बढ़ते कोरोना केसों के बाद कोविड जांच केंद्र फिर बढ़ा दिए गए हैं। अब जिला अस्पताल के अलावा 30 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर सैंपलिंग की सुविधा उपलब्ध है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों पर पहले से टीमें लगी हुई हैं। इसी तरह ताजमहल और किला पर भी सैंपलिंग चल रही है। अब शहर के प्रमुख मालों में भी सैंपलिंग शुरू की जाएगी। इन केंद्रों पर जांच कराने के बाद रिपोर्ट पाजीटिव आई तो स्वास्थ्य विभाग खुद फोन पर सूचित करेगा। पोर्टल पर भी रिपोर्ट अपलोड की जाएगी। जल्द ही देहात के 18 सीएचसी पर भी जांच की सुविधा शुरू करने की तैयारी है।
एम्बुलेंस सेवाएं
108 सेवा- 35
ALS सेवा- 02
102 सेवा- 44
जनवरी में ये है आगरा का हाल
01 जनवरी 5 नए, कुल कोरोना संक्रमित 25805, 458 की मौत, 25317 लोग हुए ठीक।
02 जनवरी 28 नए, कुल कोरोना संक्रमित 25833, 458 की मौत, 25317 लोग हुए ठीक।
03 जनवरी 33 नए, कुल कोरोना संक्रमित 25866, 458 की मौत, 25317 लोग हुए ठीक।
04 जनवरी 23 नए, कुल कोरोना संक्रमित 25889, 458 की मौत, 25317 लोग हुए ठीक।
05 जनवरी 64 नए, कुल कोरोना संक्रमित 25953, 458 की मौत, 25317 लोग हुए ठीक।
06 जनवरी 132 नए, कुल कोरोना संक्रमित 26085, 458 की मौत, 25323 लोग हुए ठीक।