हाकिम शहर में, दफ्तरों में फरियादी काटते रहे चक्कर
आगरा: सूबे के हाकिम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को ताजनगरी में थे। जिला प्रशासन से लेकर पुलिस और अन्य अधिकारी कार्यालयों से गायब थे।
आगरा: सूबे के हाकिम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को ताजनगरी में थे। जिला प्रशासन से लेकर पुलिस और अन्य अधिकारी उनकी ड्यूटी में तैनात रहे। अधिकारियों के ड्यूटी में जाते ही उनके दफ्तर वीरान से हो गए। खाली कुर्सियां देखकर फरियादी बेआस लौटे। एसएसपी कार्यालय में तो पुलिसकर्मी सोते मिले। वहीं, विकास भवन में अधिकारियों की गैरमौजूदगी में मातहतों की कुर्सियां भी खाली रहीं। जो बचे थे वो राजनीतिक चर्चा करते मिले। काफी दूर से फरियाद लेकर आए लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल रामनाईक शहर में आने के बाद पुलिसकर्मी मौज में रहे। डीएम और एसएसपी सीएम की सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त थे, तो पुलिसकर्मी दफ्तर में सोने में। कई किलोमीटर की दूरी तय कर फरियादी निराश लौट रहे थे
मंगलवार दोपहर 1.30 बजे दैनिक जागरण की टीम ने कलक्ट्रेट का जायजा लिया। यहां डीएम कार्यालय से बाबू फरियादियों को वापस कर रहे थे। एसएसपी दफ्तर में तो कुर्सियों पर पुलिसकर्मी नींद ले रहे थे। टीम जब पुलिस अधीक्षक, प्रोटोकॉल के गोपनीय कार्यालय के पास पहुंची तो, उसमें दो लोग सोते मिले। इसमें एक पुलिसकर्मी वर्दी में और दूसरे सादा कपड़ों में था। डीएम कार्यालय में सेवला, काजी पाड़ा, नाई की मंडी से फरियादी टोरंट के बिल की समस्या को लेकर पहुंचे थे। लिपिकों ने ये कहकर वापस कर दिया कि साहब नहीं हैं। कलक्ट्रेट पहुंचे ये लोग निराश होकर लौट गए। अफसर से कर्मचारी तक कुर्सी खाली: विकास भवन से कुछ दूरी पर योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम था। लेकिन विकास भवन में फरियादी चक्कर काटते रहे। उपायुक्त मनरेगा, समाज कल्याण अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी सहित दूसरे कार्यालयों में सन्नाटा पसरा था। यहां कुर्सियां खाली थीं। जो कर्मचारी थे भी, वह भी राजनीतिक चर्चाओं में व्यस्त दिखे। यहां से ग्रामीण निराश होकर वापस लौट गए।