नहाय खाय के साथ आगरा में शुरू हुआ छठ पूजा महापर्व
पहले दिन स्नान कर व्रतियों ने बनाया शुद्ध शाकाहारी भोजन, आज होगा खरना, शाम से शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
आगरा (जागरण संवाददाता): सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत रविवार को हो गई। पूर्वाचल समाज के घरों में पहले दिन नहाय खाय हुआ। व्रतियों ने शुद्ध शाकाहारी भोजन बनाया। महापर्व के दूसरे दिन सोमवार को खरना होगा। इसमें दिनभर व्रत किया जाएगा। शाम से 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा, जो बुधवार सुबह सूर्य को अर्घ्य देने तक चलेगा।
पूर्वाचल समाज द्वारा छठ पूजा का आयोजन धूमधाम से किया जाता है। इसकी शुरुआत रविवार को हुई। व्रतियों ने घर साफ कर स्नान किया और दिनभर व्रत रखा। घरों में चूल्हे बनाए गए और उन पर व्रत का भोजन पकाया गया। व्रतियों ने अपने खाने का गेहूं स्वयं चक्की पर पीसा। शाम को लौकी की सब्जी, चावल और चने की दाल से व्रत का पारायण किया गया। लोगों के घरों में छठ पूजा की तैयारियां चलती रहीं। छठ महापर्व में सोमवार को दिन भर व्रत रखा जाएगा। इस दिन खरना होगा। शाम को चावल व गुड़ की खीर और पूड़ी से व्रत का पारायण होगा। इसमें इस बात का ध्यान रखा जाता है कि सूर्यास्त के बाद व्रती के भोजन करते समय किसी तरह की आवाज न हो।
सोमवार शाम को व्रत के पारायण के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। मंगलवार को वह न तो पानी पिएंगे और न ही कुछ खाएंगे। मंगलवार शाम को यमुना के घाटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। बुधवार सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का पारायण किया जाएगा।
घरों में गूंज रहे छठ मैया के गीत
छठ पूजा की शुरुआत के साथ ही घरों में छठ मैया के गीत गूंजना शुरू हो गए हैं। महिलाएं एकत्र होकर छठ मैया के गीत गा रही हैं। छठ मैया के गीतों को सुनना शुभकारी माना जाता है।