ताज में लगेंगे 400 क्यू मैनेजर
जागरण संवाददाता, आगरा: दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल में भीड़ प्रबंधन को कवायद होती नजर आ रही है। पूर्वी व पश्चिमी गेट पर फेसिलिटेशन व इंटरप्रिटेशन सेंटर के काम की शुरुआत के बाद यहां क्यू मैनेजर लगाने की तैयारी है। ताज में 400 क्यू मैनेजर लगाए जाएंगे। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) से इनकी डिमांड की थी। इन्हें मुख्य मकबरे व चमेली फर्श पर भीड़ के प्रबंध को लगाया जाएगा।

ताजमहल पर दिसंबर के अंत में छुट्टियों में भीड़ उमड़ी थी। प्रतिदिन घंटों इंतजार के बाद सैकड़ों पर्यटक बिना ताज देखे लौट गए थे। 31 दिसंबर को ताज के मुख्य मकबरे में सैलानियों का प्रवेश बंद कर दिया गया था। ताज पर व्यवस्थाएं बिगड़ने और सैलानियों को हुई परेशानी का मामला लगातार सुर्खियां बना था। इसके बाद संस्कृति मंत्रालय व एएसआइ ने इस तरफ ध्यान दिया। संस्कृति मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने भीड़ प्रबंधन के लिए मुख्य मकबरे के लिए 200 रुपये का टिकट अलग से करने की बात कही। सैलानियों की सुविधा को सुरक्षा जांच का काम पूर्वी व पश्चिमी प्रवेश द्वार के बाहर कराने के काम की शुरुआत की गई। अब एक कदम और उठाया गया है। सीआइएसएफ की मांग पर एएसआइ ने उसे 400 क्यू मैनेजर उपलब्ध कराए हैं। इन्हें फिलहाल मेहमानखाना में रखवा दिया गया है। जरूरत के अनुसार ताज में भीड़ प्रबंधन के लिए इनका उपयोग किया जाएगा।
अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. भुवन विक्रम ने बताया कि ताज में भीड़ प्रबंधन को क्यू मैनेजर सीआइएसएफ को उपलब्ध करा दिए गए हैं। वह अपनी जरूरत के अनुसार इनका उपयोग करेगा।
क्या है क्यू मैनेजर
क्यू मैनेजर में स्टेनलेस स्टील के पाइप से फीता बांधकर लाइन के लिए व्यवस्था की जाती है। ताज में जो क्यू मैनेजर मंगाए गए हैं, उनमें सात किग्रा के रॉट आइरन के बेस में स्टेनलेस स्टील के पाइप को फिक्स किया जाएगा। एक पाइप से दूसरे पाइप के बीच 2.25 मीटर का फीता रहेगा। इस फीते पर एएसआइ लिखा होगा। यह अस्थायी हैं। इसके एक सेट की कीमत करीब 3.5 हजार रुपये आई है। करीब 14 लाख रुपये के क्यू मैनेजर मंगाए गए हैं।