पार्षदों के हंगामे के बाद नगर निगम का सदन स्थगित, लगे प्रशासन मुर्दाबाद के नारे Agra News
कुछ देर ही चल सका नगर निगम का सदन। निंदा प्रस्ताव पारित होने के तुरंत बाद हुई नारेबाजी।
आगरा, जागरण संवाददाता। पार्षद जितेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर नगर निगम के सदन से निंदा प्रस्ताव पारित हो गया। निंदा प्रस्ताव एसएसपी को भेजा जाएगा। प्रस्ताव पारित होने के बाद पाषर्दोंं ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरु कर दिए। इसी के साथ सदन स्थगित हो गया।
शुक्रवार को लगे नगर निगम के सदन में ठेकेदारों की मनमानी के चलते सर्वदलीय एकता दिखी। पार्षद दलगत राजनीति छोड़ आत्म सम्मान के लिए एकजुट भी नजर आए। बता दें कि सदन में हंगामे के आसार पहले ही देखे जा रहे थे। इसके चलते ही सदन में पुलिस की व्यवस्था के लिए कहा गया था।
संभावना जताई जा रही थी कि निगम के सदन में पार्षद डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सहित अन्य मामलों को उठाएंगे। खासकर जांच के आदेश के बाद आखिर किस तरीके से कंपनियों को भुगतान की तैयारी चल रही है। वहीं विद्युत विभाग में हुए खेल का भी मामला उठाया जाएगा। पौधारोपण में भी खेल का मामला उठेगा। कमलानगर में ठेकेदार ने पुराने पौधों को इस वित्तीय साल में दिखाने का प्रयास किया। पिछले दिनों ट्री गार्ड पर वित्तीय वर्ष 2019-20 अंकित कर दिया। इसकी शिकायत पार्षद सविता अग्रवाल ने नगरायुक्त से की। जिस पर इस वित्तीय साल को मिटा दिया गया। सदन में नाला सफाई, विद्युत विभाग में हुए खेल पर भी चर्चा होगी लेकिन सदन पार्षद जितेंद्र के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे तक ही सीमित होकर रह गया।