Businessman Murder Case: 14 घंटे बाद भी पुलिस बेसुराग, परिवार में मचा कोहराम Agra News
रविवार रात वाटर वर्क्स चौराहे पर पुलिस के सामने ही व्यापारी की गोली मारकर हुई थी हत्या।
आगरा, जागरण संवाददाता। रात से दोपहर हो चुकी है। वारदात को हुए 14 घंटे होने जा रहे हैं। हत्या सामने हुई, शहर के व्यस्तम चौराहे पर हुई। चप्पे चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी है बावजूद इसके पुलिस खाली हाथ है। रंजिश और अचानक हुई वारदात की गुत्थी में पुलिस उलझी हुई है। उधर मृतक व्यापारी के घर में कोहराम मचा हुआ है। शव का पोस्टमार्टम अभी हो रहा है।
शहर के व्यस्त वाटर वर्क्स चौराहे पर शनिवार की रात पुलिस के सामने कपड़ा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटनास्थल से कुछ कदम की दूरी पर पुलिस तैनात थी। चौराहे पर अफरातफरी मच गई। कार सवार हत्यारोपित वहां से भाग निकला।
दरअसल घटना शनिवार की रात 10:30 बजे की है। दुर्गा नगर, बल्केश्वर के रहने वालेे 32 वर्षीय राहुल अग्रवाल पुत्र विष्णु अग्रवाल की रोशन मोहल्ला में साड़ी की होलसेल की दुकान है। वह दुकान बंद करके एक्टिवा से घर लौट रहे थे। वाटर वर्क्स चौराहे पर उनकी एक्टिवा कार के सामने आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस पर कार सवार युवक राहुल से झगड़ा करने लगा। इसके बाद युवक ने राहुल के सीने में गोली मार दी। वह लहूलुहान होकर गिर गए। कार सवार के गोली मारने से चौराहे पर अफरातफरी मच गई।
हमलावर कार लेकर भगवान टॉकीज चौराहे की ओर भाग निकला। एसपी सिटी रोहन बोत्रे मौके पर पहुंच गए। व्यापारी को एसएन इमरजेंसी लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। मृतक के स्वजन एसएन पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से अपनी किसी से रंजिश होने से इन्कार किया। पुलिस ने चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। इसमें कार सवार हत्यारोपित और राहुल अग्रवाल के आपस में बातचीत करते फुटेज मिले हैं। एसपी सिटी के अनुसार हत्यारोपित का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है।
चार दिन बाद थी शादी की सालगिरह
राहुल अग्रवाल की शादी की 12 दिसंबर को पांचवी सालगिरह थी। परिवार के लोग इसे मनाने की तैयारी कर रहे थे। दंपती इस बार कहीं बाहर जाने का मन बना रहे थे। इससे पहले मौत उन्हें झपट्टा मारकर ले गई।
आतिशबाजी में दब गई गोली चलने की आवाज
जिस समय कार सवार ने राहुल को गोली मारी। अतिथि वन पर आयी बरात में आतिशबाजी चल रही थी। उसके धमाकों में गोली की आवाज दबकर रह गई।