Accident at Yamuna Expressway: यमुना एक्सप्रेस वे पर रेलिंग तोड़कर मजदूरों से भरी बस नीचे उतरी
Accident at Yamuna Expressway बिहार के सुपौल जिले से पंजाब जा रही थी बस एक मजदूर गंभीर घायल। पंजाब के पटियाला और लुधियाना में मजदूर धान की रोपाई करने जा रहे थे। यमुना एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 117 पर दोपहर दो बजे चालक को झपकी लग गई।
आगरा,जेएनएन। बिहार के सुपौल जिले से पंजाब मजदूरों को लेकर जा रही बस शनिवार को तीसरे पहर में यमुना एक्सप्रेस वे की रेलिंग तोड़कर नीचे खेत में उतर गई। बस में 90 मजदूर सवार थे। बस की खिड़की से गिरे एक मजदूर का पैर पहिए के नीचे दब गया। ग्रामीणों ट्रैक्टर और मजदूरों की मदद से बस को उठाकर के मजदूर को निकाला। तीन-चार मजदूर चोटिल हुए हैं। चालक और परिचालक घटनास्थल पर बस को छोड़कर भाग गए।
नवीन बस सर्विस देवाली रोड दिल्ली की एक बस बिहार के सुपौल जिले से दस जून की रात डेढ़ बजे सुपौल, मधेपुर और छतरपुर जिले से 90 मजदूरों को पंजाब के लिए लेकर रवाना हुई। पंजाब के पटियाला और लुधियाना में मजदूर धान की रोपाई करने जा रहे थे। यमुना एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 117 पर दोपहर दो बजे चालक को झपकी लग गई। बस अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़कर बस नीचे सीधे खेतों में उतर गई। इस बीच में मधेपुरा जिले के गांव परपुरवा निवासी धैनू यादव खिड़की से निकल कर बाहर गिर गया। उसका एक पैर पहिया के नीचे आ गया। बस में सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। मजदूरों की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण आ गए। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और मजदूरों की मदद से बस को उठाकर मजदूर को निकाला। करीब एक घंटे बाद यमुना एक्सप्रेस वे की राहत टीम घटनास्थल पर पहुंची। थाना महावन पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायल मजदूर को उपचार के लिए भेजा। दो-तीन मजदूर चोटिल हुए हैं। वे बस की सीटों से टकराकर गए थे। हादसे के बाद चालक आनंद कुमार त्यागी निवासी नजफगढ़ परिचालक के साथ घटनास्थल पर ही बस छोड़कर भाग गया। थानाध्यक्ष महावन मनोज कुमार शर्मा ने बताया, बस के एक्सप्रेस वे से नीचे उतरने की जानकारी पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। बस के पहिए के नीचे दबे मजदूर का पैर को निकाला। उसके बाद उसे उपचार के लिए भेज दिया। मजदूर अभी एक्सप्रेस वे पर ही बस के पास बैठे हुए हैं।