Swachh Bharat Mission: आगरा मंडल की 424 ग्राम पंचायतों में अभी भी सामुदायिक शौचालय का अभाव
स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय बनाने के बाद गांव-गांव सामुदायिक शौचालय बनाए जा रहे हैं। आगरा में 9 फीरोजाबाद 159 मथुरा में 142 और मैनपुरी में 114 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय बनना शेष है। मैनपुरी में सभी ग्राम पंचायतों में स्थान चिह्नित हो चुका है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा मंडल की 2308 ग्राम पंचायतों में से अब तक 1884 ग्राम पंचायतों में ही सामुदायिक शौचालय बन सके हैं। 424 ग्राम पंचायतों में अभी भी सामुदायिक शौचालयों का अभाव है। इसमें आगरा मंडल में फीरोजाबाद सबसे पीछे है। यहां अब तक 11 ग्राम पंचायतों में तो स्थल का ही चयन नहीं हो पाया है।
हाल ही में मंडल स्तर पर इसकी समीक्षा की गई। इसके अनुसार, फीरोजाबाद की 564 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इनमें से 405 ग्राम पंचायतों में ही सामुदायिक शौचालय बन सके हैं। मथुरा की 504 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष में 362 ग्राम पंचायतों में ही सामुदायिक शौचालय बन सके हैं। मैनपुरी में 550 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 436 ग्राम पंचायतों और आगरा में 690 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 681 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय बने हैं। आगरा में 9, फीरोजाबाद 159, मथुरा में 142 और मैनपुरी में 114 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय बनना शेष है। आगरा में 7, फीरोजाबाद में 11 और मथुरा में 4 ग्राम पंचायतों में स्थल का चयन नहीं हो सका है। मंडल में मैनपुरी एकमात्र ऐसा जिला है, जहां की सभी ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय के लिए स्थान चिह्नित हो चुका है। बता दें कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय बनाने के बाद गांव-गांव सामुदायिक शौचालय बनाए जा रहे हैं। गत जुलाई में इसकी शुरुआत हुई थी। केंद्र और प्रदेश सरकार हर ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय बनाने पर पूरा जोर दे रही है।