Taj Mahal Unlocked: Weekend पर ताज का क्रेज रहा बरकरार, रविवार को 3512 पर्यटकों ने निहारा ताजमहल
Taj Mahal Unlockedविश्व पर्यटन दिवस पर स्मारकों में अधिक पहुंचे पर्यटक। सर्वर ठप नहीं होता तो और बढ़ सकती थी संख्या। 3512 पर्यटकों ेने ताजमहल का दीदार किया जिनमें 20 विदेशी पर्यटक (सार्क देशों का एक नागरिक) शामिल थे।
आगरा, जागरण संवाददाता। विश्व पर्यटन दिवस पर रविवार को स्मारकों में अधिक संख्या में पर्यटक पहुंचे। रविवार को 3512 पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार किया, जिनमें 20 विदेशी पर्यटक (सार्क देशों का एक नागरिक) शामिल थे। लॉक डाउन के बाद 21 सितंबर को खोले गए ताजमहल मेंं एक दिन में आने वाले पर्यटकों की यह संख्या सर्वाधिक है। सर्वर, अगर ठप नहीं हुआ होता तो यह संख्या और बढ़ सकती थी।
ताजमहल खुलने पर आगरा में वीकेंड टूरिज्म शुरू होने की उम्मीद पर्यटन उद्यमियों ने जताई थी। पहले ही वीकेंड में यह नजर भी आया। शनिवार को जहां ताजमहल पर 3079 पर्यटक पहुंचे थे, वहीं रविवार को यह संख्या बढ़कर 3512 हो गई। आगरा किला पर रविवार को 743 पर्यटक आए, जो स्मारक खुलने के बाद एक दिन में सर्वाधिक है।
ताजमहल पर अब तक पर्यटकों की स्थिति
दिन, पर्यटक
सोमवार, 1235
मंगलवार, 1707
बुधवार, 1927
गुरुवार, 1735
शुक्रवार, साप्ताहिक बंदी
शनिवार, 3079
रविवार, 3512
रविवार को ताजमहल पर पर्यटकों की स्थिति
भारतीय, 3107
विदेशी, 19
सार्क, 1
भारतीय बच्चे, 385
अन्य स्मारकों पर पर्यटकों की स्थिति
स्मारक, शनिवार, रविवार
आगरा किला, 535, 743
फतेहपुर सीकरी, 150, 294
सिकंदरा, 150, 248
एत्माद्दौला, 79, 119
मेहताब बाग, 87, 224
रामबाग, 26, 152
मरियम टॉम्ब, 23, 17
मुख्य मकबरे पर नेटवर्क की समस्या
ताजमहल में मुख्य मकबरे पर 200 रुपये का अतिरिक्त टिकट लागू है। जिन पर्यटकों के पास यह टिकट नहीं होता, वो पूर्व में चमेली फर्श पर बनी टिकट विंडो से टिकट लेते थे। वर्तमान में टिकट विंडो बंद है और मुख्य मकबरे के पास मोबाइल नेटवर्क काम नहीं करता है। इससे पर्यटकों को परेशानी हो रही है। रविवार को ताज देखने आए डॉ. संजीव आधा घंटे तक टिकट बुकिंग को प्रयास करते रहे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी।
आगरा किला पर हुआ हंगामा
रविवार को सर्वर ठप होने से सभी स्मारकों पर एएसआइ की टिकट की ऑनलाइन बुकिंग बंद हो गई थी। एडीए की पथकर की टिकट की बुकिंग चालू रही। आगरा किला पर एडीए की पथकर की टिकट पर्यटकों ने ऑनलाइन बुक कर लीं, लेकिन एएसआइ की टिकट बुक नहीं हुईं। जब पर्यटकों को आगरा किला में प्रवेश नहीं मिला तो वो पथकर के पैसे वापस करने की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। हंगामा होते देख एडीए के कर्मचारी वहां से चुपचाप निकल लिए। एएसआइ कर्मियों को पर्यटकों की नाराजगी झेलनी पड़ी।