सैनिकों की वर्दी के बाद अब CoronaVirus से जंग को 'हथियार' बना रही आर्डिनेंस फैक्ट्री
थ्री लेयर कवर ऑल मास्क और विशेष बैडशीट कवर कर रही तैयार। प्रशासन से आर्डर मिलने के साथ ही आई काम में तेजी।
आगरा, डॉ. राहुल सिंघई। कोविड-19 के खिलाफ जंग में फीरोजाबाद के हजरतपुर आर्डिनेंस फैक्ट्री भी कूद पड़ी है। पैराशूट और सैनिक वर्दी बनाने में दक्षता रखने वाली यह फैक्ट्री अब हाई क्वालिटी वाले मास्क, कवर ऑल और बैडशीट कवर तैयार कर रही है। फीरोजाबाद प्रशासन ने भी इस सभी सामग्री तैयार करने के आर्डर दिए हैं।
कोरोना संदिग्ध और संक्रमित लोगों की जांच और चिकित्सकीय टीम विशेष ड्रेस पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्यूपमेंट (पीपीई) पहनते हैं। ये किट गाउन से लेकर मास्क, ग्लब्स, चश्मा आदि से लैस होती है। चश्मा, मास्क और गलब्स को हटा दिया जाए तो शेष ड्रेस को कवर ऑल कहते हैं। यह पूरा शरीर ढकने को इस्तेमाल होता है।
हजरतपुर स्थित आर्डिनेंस फैक्ट्री भी कवर ऑल को तैयार करा रही है। लेमिनेटेड कपड़े से तैयार तीन लेयर के इस कवर में अंदर की दो लेयर पुन: इस्तेमाल योग्य हैं। ऊपरी लेयर केवल एक बार इस्तेमाल की जाती है। कवर ऑल के साथ ही कोरोना संक्रमित लोगों के लिए तीन लेयर वाला बैड शीट कवर भी तैयार कराई जा रही हैं। इसका इस्तेमाल एक बार होने पर इसे नष्ट किया जाता है। एक बार प्रयोग में लाए जाने वाले मास्क भी तैयार किए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि अब कोरोना वायरस से जंग को हथियारों में किसी तरह से कमी आने नहीं दी जाएगी।
आर्डिनेंस फैक्ट्री के संयुक्त महाप्रबंधक राजेश वर्मा ने बताया कि अभी डीएम और एसएसपी को पांच-पांच सौ मास्क फ्री दिए हैं। मुख्य विकास अधिकारी नेहा जैन से मुलाकात कर कवर ऑल का सैंपल दिया गया है। इन तीनों आइटमों के लिए जिला प्रशासन से आर्डर मिले हैं।
थ्री लेयर एन-95 मास्क का परीक्षण
फैक्ट्री के प्रशासनिक अधिकारी फैसल जावेद ने बताया कि हमारे थ्री लेयर मास्क तैयार एन-95 की तरह पुन: प्रयोग में लाए जाने वाला है। इनका परीक्षण कराया जा रहा है। तैयार की गई सामग्र्री डीआरडीओ ग्वालियर और कोयंबटूर की लैब में टेस्ट होती है।