Save Our Future: जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को आगरा से शुरू हुई 25 हजार किमी की यात्रा
Save Our Future सेव अवर फ्यूचर फाउंडेशन ने शुरू की नव भारत निर्माण यात्रा। लोगों को जागरूक करने के साथ सांसदों को दिए जाएंगे मांग पत्र। आगरा से मथुरा हरिद्वार देहरादून शिमला चंडीगढ़ अमृतसर बीकानेर जैसलमेर जोधपुर माउंट आबू उदयपुर चित्तौड़ अजमेर जयपुर से दिल्ली होते हुए आगरा पहुंचेगी।
आगरा, जागरण संवाददाता। जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर सेव अवर फ्यूचर फाउंडेशन की नव भारत निर्माण यात्रा रविवार को ताजनगरी से शुरू हुई। इसमें 25 हजार किमी का सफर तय कर लोगों को जागरूक करने के साथ ही जनप्रतिनिधियों से कानून के लिए समर्थन जुटाया जाएगा।
ट्राइडेंट तिराहा स्थित सेल्फी प्वाइंट से रविवार को नव भारत निर्माण यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैलाश मंदिर के महंत निर्मल गिरि ने फ्लैग आफ कर किया। वहां से यात्रा सांसद राजकुमार चाहर के खेरिया मोड़ स्थित आवास पहुंची और उन्हें जनसंख्या कानून की मांग संसद में उठाने के लिए मांग पत्र दिया गया। कुबेरपुर में मनोज शर्मा ने यात्रा का स्वागत किया। सेव अवर फ्यूचर फाउंडेशन के सचिव व यात्रा संयोजक मनीष शर्मा ने कहा कि भारत क्षेत्रफल के हिसाब से दुनिया में सातवें और जनसंख्या के हिसाब से दूसरे नंबर पर है। आने वाले कुछ वर्षों में जनसंख्या के हिसाब से भारत दुनिया में नंबर एक पर होगा। यहां जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधन तेजी के साथ खत्म हो रहे हैं। लोगों के पास खाने को अन्न और पीने को साफ पानी नहीं है। युवाओं के पास रोजगार नहीं है और बच्चे कुपोषण का शिकार हो रहे हैं। इनका मूल कारण जनसंख्या वृद्धि ही है। फांउडेशन कई वर्षों से शहर व प्रदेश में जनसंख्या वृद्धि रोकने को जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर प्रचार-प्रसार कर रहा है। इसी कड़ी में नव भारत निर्माण यात्रा की जा रही है। पुलकित लोधी, विकास, निरंजन राठौर, अमित, विशंभर, कैलाश मंदिर के महंत निर्मल गिरि, डा. गोविंद सिंह जादौन, सूर्यकांत श्रोत्रिय, संजय सिंह, दिव्यांशु गिरि, धर्मेंद्र शर्मा, अमन सिकरवार, नितिन कुशवाह मौजूद रहे।
यात्रा में यह होगा
-यात्रा के माध्यम से जनसंख्या नियंत्रण के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और नुक्कड़ नाटक किए जाएंगे।
-हर जिले में सांसद को संसद में जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को पत्र दिया जाएगा।
-यात्रा का उद्देश्य भारत में समान एवं सशक्त जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग करना है।
यात्रा का यह है रूट
आगरा से मथुरा, हरिद्वार, देहरादून, शिमला, चंडीगढ़, अमृतसर, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, माउंट आबू, उदयपुर, चित्तौड़, अजमेर, जयपुर से दिल्ली होते हुए आगरा पहुंचकर संपन्न होगी।