'कोल्ड डे' पर आगरा में 200 किलोग्राम चांदी लूटी, इलाके में बड़ी वारदात से सनसनी
आगरा में कोरियर कंपनी के कर्मचारियों 200 किलोग्राम चांदी लूट ले गए कार सवार बदमाश। ग्वालियर रोड पर होंडा अमेज सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम। घटना के बाद आसपास के इलाकों में पुलिस चेकिंग कर रही है। मगर अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं मिला है।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में ग्वालियर रोड पर होंडा अमेज कार सवार बदमाशों ने बुधवार दोपहर दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया। आगरा से राजस्थान की ओर कार से दो सौ किलोग्राम चांदी ले जा रहे कोरियर कंपनी के कर्मचारियों को ओवरटेक करके रोक लिया। इसके बाद चांदी को अपनी कार में डालकर बदमाश ले गए। घटना के बाद आसपास के इलाकों में पुलिस चेकिंग कर रही है। मगर, अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं मिला है। आगरा में आज कोल्ड डे कंडीशन है। इस सर्द मौसम में इतनी बड़ी वारदात ने सनसनी फैला दी है।
आगरा की एक कोरियर कंपनी के कर्मचारी आकाश और उसके साथी बुधवार को स्विफ्ट डिजायर कार से धौलपुर की ओर एक सर्राफ की दो सौ किलोग्राम चांदी ले जा रहे थे। दोपहर 12.45 बजे कोरियर कंपनी के कर्मचारी रोहता तिराहा से आगे स्थित द्वारिका फेस टू पर पहुंचे। तभी पीछे से होंडा अमेज कार से आए चार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक करके रोक लिया। बदमाशों ने कोरियर कंपनी के कर्मचारियों को धमकाकर उनकी डिग्गी खुलवाई। डिग्गी में रखी सौ किलोग्राम चांदी निकालकर अपनी होंडा अमेज कार में रख ली। इसके बाद बदमाश सैंया की ओर भाग गए। हाईवे पर चांदी लूट की सूचना पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एडीजी राजीव कृष्ण और एसएसपी सुधीर कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद कोरियर कंपनी के कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली। एडीजी राजीव कृष्ण का कहना है कि दो सौ किलो ग्राम चांदी लूट की घटना हुई है। अभी कोरियर कंपनी के कर्मचारियों से घटना के संबंध में जानकारी की जा रही है। जिले में सफेद रंग की होंडा अमेज कार की तलाश में चेकिंग कराई जा रही है। अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं मिला है। एडीजी का कहना है कि बदमाश चांदी के अलावा एक लाख रुपये कैश भी लूट ले गए हैं।