आगरा में डाक्टर के घर लूट करने वाले बदमाशों के सुराग को खंगाले 200 सीसीटीवी
सिकंदरा के केके नगर में हुई थी दुस्साहसिक वारदात। बदमाशों ने डाक्टर के घर दिनदहाड़े बोला था धावा। परिवार समेत बंधक बना लूटे थे सात लाख कैश और दो लाख के जेवरात। कुछ सीसीटीवी कैमरों में मिल गए हैं बदमाशों के फुटेज। पुलिस जुटी तलाश में।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के केके नगर में डाक्टर के घर लूटपाट की दुस्साहसिक वारदात को बदमाशों ने अंजाम दिया था। लुटेरेां का सुराग हासिल करने के लिए पुलिस ने हाईवे से लेकर यमुना किनारे बनी नव विकसित कालोनियों में लगे 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को खंगाल चुकी है। कुछ कैमरों में बदमाशों के फुटेज पुलिस को मिल गए हैं।
सिकंदरा इलाके में केके नगर कालोनी में रहने वाले डाक्टर रजनीश शर्मा के घर पर 24 मई की दोपहर में चार बदमाशों ने धावा बोल दिया था। बदमाश उनके यहां मकान का सौदा करने के बहाने आए थे। वह एक दिन पहले रेकी कर गए थे। डाक्टर के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे समेत वहां रहने वाले सदस्यों की पूरी जानकारी जुटाकर ले गए थे। दूसरे दिन बदमाश पहले दोपहर 12 बजे आए। उस समय डाक्टर के व्यस्त रहने के चलते वह लौट गए। दोपहर ढाई बजे वह दोबारा लौटे। डाक्टर व उनकी पत्नी कामिनी, पिता छविराम, उनकी सास शंकुतला व ससुर हरि शंकर को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया था।
पांचों लोगों को पैकिंग टेप से बांधने के बाद बदमाशों ने अलमारी में रखे सात लाख रुपये, दो लाख रुपये के जेवरात के अलावा लैपटाप, मोबाइल लूट लिया।घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया। उसकी डीवीआर को अपने साथ ले गए। इससे कि उनकी फुटेज पुलिस को न मिल सके। बदमाश वारदात के डाक्टर की पल्सर बाइक से भागे थे। पुलिस ने बदमाशों के भागने का रूट जानने और उनका सुराग हासिल करने के लिए आसपास इलाके के 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इससे यह पता लगाया जा सके कि बदमाश किस रास्ते से डाक्टर के घर पर आए थे। वारदात के बाद वह उसी रास्ते से भागे या दूसरा रास्ता चुना।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक करने के साथ ही आसपास के लोगों से भी बदमाशों के बारे में जानकारी की। लूटपाट के तार सिकंदरा के बाईंपुर समेत आसपास के कई गांव से जुड़े होने की आशंका है।पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को पकड़ा है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद के अनुसार घटना का जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।